CG Election 2023: कांग्रेस के बागी ने नाम लिया वापस, लेकिन जगदलपुर के सबसे अमीर प्रत्याशी के छलक पड़े आंसू
CG Election 2023: कांग्रेस से बगावत कर जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय पर्चा भरने वाले प्रत्याशी टीवी रवि ने अब कांग्रेस के प्रत्याशी जतिन जायसवाल को अपना समर्थन दे दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात भी कही है। रवि के नाम वापस लेने के निर्णय से उनके समर्थकों में निराशा देखने को मिल रही है, वहीं अब राजनीतिक समीकरण भी बदलते दिखने लगे हैं।

पहले जहां रवि के चुनावी दंगल में खड़े होने से कांग्रेस को नुकसान होने की पूरी संभावना दिख रही थी, वहीं अब रवि के समर्थन के बाद पूरी तस्वीर ही अब उलट हो गई है।
निर्दलीय पर्चा भरने के बाद रवि के मान-मनौव्वल के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य सहित अन्य नेताओं ने भी उनसे संपर्क किया। उनके घर पर बैठकर उन्हें समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वे नहीं मानें। इस बीच बीते दिनों सीएम भूपेश बघेल भी रवि से मिलने पहुंचे थे, लेकिन रवि टस से मस नहीं हुए। अचानक एक नाटकीय घटनाक्रम में रवि ने अपना समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी जतिन को दे दिया।
सोमवार को होने वाली नाम वापसी के दौरान बतौर निर्दलीय प्रत्याशी टीवी रवि अपना नाम चुनावी मैदान से वापस लेंगे। रविवार को बड़ी संख्या में रवि के घर पर उनके समर्थक पहुंचे थे। पहले तो समर्थक इस बात पर अड़े रहे कि रवि को चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन आखिर में रवि के कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन को देखते हुए वे शांत हो गए, लेकिन उनके चेहरों पर निराशा साफ देखी गई।
बताया जाता है कि दो दिनों तक चली लंबी बैठक के बाद रवि ने अपना नाम वापस लेने का निर्णय लिया। इससे पहले साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, लेकिन कांग्रेस के दिशा-निर्देशों को देखते हुए उन्होंने इसमें हिस्सा नहीं लिया और कांग्रेस प्रत्याशी रहे रेखचंद जैन के लिए काम किया।
इस साल भी वे चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दी गई। इस पर नाराज होकर उन्होंने पार्टी से बगावत करते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल भी किया।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि रवि ने चुनाव के बाद ऊंचे पद पर आसीन करवाने का आश्वासन दिया गया है। यही कारण है कि उन्होंने इस बार समझौता किया है। वहीं उनके समर्थक बताते हैं कि चुनाव न लड़कर उन्होंने अपने ही कार्यकर्ताओं को मायूस किया है।
जबकि उन्होंने चुनाव लड़ने के दौरान सारी तैयारियां कर रखी थीं। इधर रवि ने बताया कि वे सभी के कहने पर अपना नाम वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन सभी पंचायतों में काम करवाने होंगे, जहां उनके समर्थक रहते हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications