OPINION: सीएम विष्णुदेव साय ने किया नवाचार के लिए प्रेरित, 20 जिलों के किसान कर रहे हैं फोल्डस्कोप का उपयोग
Chhattisgarh Government Works: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ में कृषि को उन्नत और लाभकारी बनाने के लिए लगातार नए नवाचार किए जा रहे हैं। राज्य में कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था और कृषि पर निर्भर 70 प्रतिशत से अधिक आबादी को ध्यान में रखते हुए सरकार कृषि में वैज्ञानिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इन प्रयासों के तहत राज्य के किसानों को उन्नत कृषि उपकरणों और वैज्ञानिक पद्धतियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे न केवल फसलों का उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि किसानों की आय में भी सुधार हो रहा है।
हाल ही में, छत्तीसगढ़ में खेती और पशुपालन में एक महत्वपूर्ण नवाचार के रूप में फोल्डस्कोप का उपयोग शुरू किया गया है। यह पोर्टेबल माइक्रोस्कोप किसानों को कीट प्रकोप, रोगों और मिट्टी की गुणवत्ता की जांच में मदद कर रहा है। राष्ट्रीय जैविक तनाव प्रबंधन संस्थान के सहयोग से राज्य के 20 जिलों के किसानों को यह अत्याधुनिक उपकरण वितरित किया गया है। रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, बिलासपुर जैसे जिलों में इस कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

खेतों में होने वाले विभिन्न रोगों और कीटों की पहचान
फोल्डस्कोप, जिसे स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक प्रोफेसर मनु प्रकाश और उनकी टीम ने विकसित किया था, एक सस्ता और टिकाऊ माइक्रोस्कोप है। यह कृषि और पशुपालन दोनों क्षेत्रों में उपयोगी साबित हो रहा है। इस उपकरण की मदद से किसान अब खेतों में होने वाले विभिन्न रोगों और कीटों की पहचान कर पा रहे हैं। उदाहरण के लिए, पाउडरी फफूंदी, पत्ती झुलसा और पत्ती धब्बा जैसी बीमारियों का पता फोल्डस्कोप की मदद से लगाया जा चुका है। इसके अलावा, मवेशियों के कृत्रिम गर्भाधान के लिए वीर्य की गुणवत्ता का आकलन करने में भी इसका उपयोग किया जा रहा है, जिससे गर्भधारण दर में सुधार हुआ है और देशी मवेशियों की नस्लों की ग्रेडिंग बेहतर हो रही है।
फोल्डस्कोप ने किसानों के लिए कृषि को वैज्ञानिक और लागत प्रभावी बना दिया है। इसने जैविक कीटनाशकों और जैव एजेंटों के परीक्षण में भी मदद की है, जिससे रसायनों पर निर्भरता कम हुई है और पर्यावरण-अनुकूल खेती को बढ़ावा मिला है। फोल्डस्कोप का उपयोग किसानों को उनकी खेती और पशुपालन में सक्षम बना रहा है और उनकी आय में वृद्धि का कारण बन रहा है।
किसानों के लिए एक क्रांतिकारी कदम साबित
प्रोफेसर मनु प्रकाश का यह नवाचार छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य था एक ऐसा उपकरण प्रदान करना, जो न केवल सस्ता और टिकाऊ हो, बल्कि जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से उपयोग किया जा सके। फोल्डस्कोप की सफलता यह साबित करती है कि छोटे और सस्ते तकनीकी नवाचारों से बड़े बदलाव संभव हैं। यह उपकरण छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खेती और पशुपालन को सरल, वैज्ञानिक और लाभकारी बना रहा है।
फोल्डस्कोप छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए एक बड़े बदलाव का प्रतीक बन गया है। यह उपकरण न केवल किसानों की कठिनाइयों को कम कर रहा है, बल्कि खेती और पशुपालन के क्षेत्र में वैज्ञानिक पद्धतियों को बढ़ावा देने का काम भी कर रहा है। इससे किसानों को न सिर्फ अपनी फसल और मवेशियों की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है। यही है मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल का असल मकसद-किसानों को सक्षम और समृद्ध बनाना।












Click it and Unblock the Notifications