CG: मस्कट में बंधक छत्तीसगढ़ की दीपिका हुई मुक्त, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया विशेष प्रयास
Chhattisgarh News: मस्कट में बंधक बनाई गई छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार निवासी जोगी दीपिका की घर वापसी हो रही है। ओमान स्थित इंडियन एम्बैसी से राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लगातार संपर्क किया। त्वरित की गई कार्रवाई के पश्चात दीपिका को सुरक्षित एम्बैसी लाया गया है। ओमान में इंडियन एम्बैसडर से उपमुख्यमंत्री लगातार संपर्क में थे।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली दीपिका जोगी 8 माह से ओमान की राजधानी मस्कट में बंधक बनी हुई थी। राज्य गृहमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों से बात करके बंधक दीपिका को अरब दूतावास से मुक्त करवाया है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा से भी विजय शर्मा लगातार इस मामले पर अपडेट लेते रहे। उन्होंने बंधक बनाई गई महिला से बातचीत करके उसका हालचाल पूछा। दीपिका ने बताया कि अभी बिल्कुल सुरक्षित हूँ। मस्कट की एम्बैसी में आ गई हूँ। शर्मा ने कहा कि आप बिल्कुल चिंता मत करिये। आपके आने की व्यवस्था हम करेंगे। आप मेरा नंबर रख लीजिए। आप छत्तीसगढ़ आने के बाद मुझे फोन करिये और आप अपने साथ मस्कट में हुए वाकये के बारे में बताइये। आपको जिन लोगों ने धोखा दिया, उस मामले की तह में जाकर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दुर्ग जिले की निवासी जे. मुकेश ने पुलिस को आवेदन दिया कि उनकी पत्नी खुर्सीपार निवासी जोगी दीपिका नामक महिला को घरेलू काम दिलाने के बहाने हैदराबाद निवासी अब्दुल्ला नामक व्यक्ति ने ओमान देश की राजधानी मस्कट निवासी हाफिजा के घर गत वर्ष मई 2023 में भेजा था जहां जोगी दीपिका को बंधक बनाकर रखा गया था तथा दीपिका का पासपोर्ट , वीजा संबंधित सारे दस्तावेज़ भी रख लिए गए थे तथा उसे भारत वापस भेजने रकम की भी मांग की जा रही थी। यह विषय जैसे ही उपमुख्यमंत्री शर्मा के संज्ञान में आया। उन्होंने स्वतः पहल करते हुए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications