लोकसभा चुनाव लड़ेंगे छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस ने राजनांदगांव से दिया टिकट
Chhattisgarh Congress Candidate List: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 6 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। विशेष बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भूपेश बघेल को राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया हैं। भूपेश बघेल फिलहाल पाटन विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राजनांदगांव लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी का आभार जताया है। बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा 'आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शीर्ष नेतृत्व ने मुझे राजनांदगांव लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए आदेशित किया है. इस विश्वास के लिए पार्टी और शीर्ष नेतृत्व का आभार,संस्कारधानी राजनांदगांव से प्रत्याशी होना सौभाग्य है। माँ बम्लेश्वरी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से इस बार का चुनाव राजनांदगांव की जनता लड़ेगी और जीतेगी. सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं।
अपने राजनीतिक जीवन में भूपेश बघेल तीसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इससे पूर्व 2004 में दुर्ग और 2009 का लोकसभा चुनाव रायपुर से लड़ा था, हालांकि दोनों चुनावों में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी राजनांदगांव लोकसभा सीट से पहले ही ने मौजूदा सांसद संतोष पांडेय को प्रत्याशी बना चुकी है। ऐसी स्थिति में भूपेश बघेल का चुनावी मुकाबला संतोष पांडे से होगा। संतोष पांडे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें लगातार दूसरी बार इसी सीट से प्रत्याशी बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications