छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, किरणदेव सिंह बन सकते हैं विष्णुदेव साय कैबिनेट में मंत्री
Chhattisgarh BJP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर देशभर में चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इस प्रक्रिया के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। छत्तीसगढ़ में मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि जिला और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति अभी बाकी है।
बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की है। छत्तीसगढ़ के लिए यह जिम्मेदारी महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को सौंपी गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के चुनाव अधिकारी के रूप में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और गुजरात के लिए भाजपा नेता भूपेंद्र यादव को नियुक्त किया गया है।

विनोद तावड़े, जो महाराष्ट्र से आते हैं, ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी और वह राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं। तावड़े 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
विष्णुदेव साय करेंगे मंत्रिमंडल का विस्तार
छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि नए साल के पहले हफ्ते में ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है, क्योंकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और बीजेपी के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने इस पर संकेत दिए हैं। इस माह में बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिल सकता है।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट में 2 से 3 नए मंत्री शामिल हो सकते हैं। कैबिनेट में मंत्री पद की संख्या हरियाणा की तर्ज पर 13 के बजाय 14 हो सकती है। बीजेपी नए चेहरों को मौका देने की सोच रही है, लेकिन प्रदेश में सीनियर नेताओं की संख्या अधिक है, इसलिये सीनियरिटी और नए नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी।
इन विधायकों को मिल सकता है मौका
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार के लिए कई विधायक प्रमुख हैं। बिलासपुर संभाग से अमर अग्रवाल और धरमलाल कौशिक, बस्तर से किरण सिंहदेव, दुर्ग से गजेंद्र यादव, रायपुर से राजेश मूणत और अजय चंद्राकर, और सरगुजा से रेणुका सिंह, भावना बोहरा, पुन्नूलाल मोहले का नाम चर्चा में है।
बीजेपी बदल सकती है प्रदेश अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ में बीजेपी नए साल में प्रदेश अध्यक्ष भी बदल सकती है। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि किरण सिंहदेव को मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया जा सकता है, जिससे उनकी जगह किसी अन्य नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए धरमलाल कौशिक, शिवरतन शर्मा, अनुराग सिंहदेव और सौरभ सिंह के नाम भी सामने आ रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित किया जा सकता है।
वर्तमान मंत्रीमंडल में ये मंत्री शामिल हैं
1. विष्णुदेव साय - मुख्यमंत्री
2. अरुण साव - उपमुख्यमंत्री
3. विजय शर्मा - उपमुख्यमंत्री
4. केदार कश्यप - मंत्री
5. ओपी चौधरी - मंत्री
6. लखनलाल देवांगन - मंत्री
7. रामविचार नेताम - मंत्री
8. दयालदास बघेल - मंत्री
9. श्यामबिहारी जायसवाल - मंत्री
10. लक्ष्मी रजवाड़े - मंत्री
11. टंकराम वर्मा - मंत्री












Click it and Unblock the Notifications