गणतंत्र दिवस की परेड में छत्तीसगढ़ की झांकी होगी खास, आदिम जनसंसद की दिखेगी झलक
Chhattisgarh News: इस साल नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र-दिवस परेड के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी "बस्तर की आदिम जनसंसद : मुरिया दरबार" कोचयनित कर लिया गया है। नई-दिल्ली स्थित कर्तव्यपथ पर होने वाली परेड के लिए 28 में से 16 राज्यों का चयन किया गया है।

झांकी का अनोखा विषय और डिजाइन रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति को रिझाने में कामयाब रहा है। सीएम विष्णुदेव साय ने राज्य को मिली इस महत्वपूर्ण सफलता पर बधाई दी है, उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ा अवसर बताया है।
छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम 'भारत लोकतंत्र की जननी' पर आधारित है। यह झांकी जनजातीय समाज में आदिकाल से उपस्थित लोकतांत्रिक चेतना और परंपराओं को दर्शाती है, जोकि आजादी के 75 वर्ष बाद भी राज्य के बस्तर संभाग में जीवंत और प्रचलित है। इस झांकी में केंद्रीय विषय "आदिम जन-संसद" के तहत जगदलपुर के मुरिया दरबार और उसके उद्गम-सूत्र लिमऊ-राजा को दर्शाया गया है।
मुरिया दरबार विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे की एक रीति है, जो 600 वर्षों से चली आ रही है। इस परंपरा के उद्गम के सूत्र कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर के लिमऊ राजा नाम के स्थान पर मिलते हैं। इस स्थान से जुड़ी लोककथा के मुताबिक आदिमकाल में जब कोई राजा नहीं था, तब आदिम समाज एक नीबू को राजा का प्रतीक मानकर आपस में ही फैसला ले लिया करता था।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाले की जांच करेगी सीबीआई, विष्णुदेव साय कैबिनेट ने लिया फैसला
झांकी की थीम और डिजाइन स्थानीय स्तर पर बड़े अन्वेषण और सीनियर अधिकारियों के मार्गदर्शन में तैयार की गई। इस विषय वस्तु पर आधारित झांकी को पांच चरणों की कठिन प्रक्रिया के बाद अंतिम मंजूरी मिली है। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति के सामने थीम और डिजाइन के चयन के बाद झांकी का थ्रीडी मॉडल पेश किया गया। अंत में संगीत चयन के साथ ही झांकी को अंतिम मंजूरी मिल गई। झांकी की थीम और डिजाइन ने चयनकर्ताओं को विशेष आकर्षित किया।
ज्ञात हो कि परेड में शामिल होने वाली झांकियों के लिए सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालय और विभागों से रक्षा मंत्रालय प्रस्ताव आमंत्रित करता है। इन प्रस्तावों के मूल्यांकन के बाद झांकियों के चयन के लिए विशेषज्ञ समिति के साथ विभिन्न चरणों में कई बैठकें होती हैं।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय से मिले सौरभ गांगुली, आपस में हुआ रोचक संवाद, पढ़िए पूरी खबर












Click it and Unblock the Notifications