छत्तीसगढ़ हेलीकॉप्टर क्रैश: भावुक कर देती है, हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों की कहानी
Chhattisgarh Helicopter Crash: Makes you emotional, the story of the pilots who lost their lives in the helicopter crash
रायपुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ सरकार के हेलीकॉप्टर के क्रैश हो जाने से 2 पायलटों की मौत हो गई है। गुरुवार रात हुए इस हादसे में कैप्टन गोपाल कृष्ण पंडा और कैप्टन एपी श्रीवास्तव की दुखद मौत हो जाने से उनको जानने पहचानने वालों में शोक का माहौल है। दोनों ही पायलट अपने आप में बेहद खास थे।

12 साल पूर्व डॉ. रमन सिंह के पायलट रहे कैप्टन गोपाल कृष्ण पंडा
हादसे में अपनी जान गंवाने वाले कैप्टन गोपाल कृष्ण पंडा मूलतः ओड़ीसा के संबलपुर के रहने वाले थे। छत्तीसगढ़ सरकार का हेलीकॉप्टर चलाने की वजह से वह रायपुर में रहते थे। पंडा और एसपी श्रीवास्तव की असमय मृत्यु पर पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। राज्यपाल अनुसुईया उईके, सीएम भूपेश बघेल, पूर्व सीएम रमन सिंह समेत भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने बयान जारी करके घटना पर शोक व्यक्त किया है।
पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट करके लिखा है कि बीती रात राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर के हादसे में पायलट कैप्टन जीके पंडा और कैप्टन श्रीवास्तव के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। पंडा मेरे साथ 12 साल तक हेलीकॉप्टर में बतौर पायलट रहे। वह एक कुशल और अनुभवी पायलट थे। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

अधूरी रह गई पायलट पंडा की अंतिम इच्छा
2010 से राज्य सरकार का हेलीकॉप्टर चलाने वाले दिवंगत कैप्टन पंडा की पत्नी प्रोफेसर हैं। उनकी बड़ी बेटी बेंगलुरु और बेटा मुंबई में पढ़ाई करता है। मूलतः उड़ीसा के रहने वाले कैप्टन पंडा के कई रिश्तेदार छत्तीसगढ़ में रहते हैं। उनको जानने वाले बताते हैं कि वह अक्सर रिटायरमेंट के बाद भी छत्तीसगढ़ में ही बसने की ख्वाहिश रखते थे।

राजीव गांधी की फ्लाइट में पायलट थे कैप्टन अजय प्रकाश श्रीवास्तव
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश हो जाने से कैप्टन पंडा के अलावा आजमगढ़ जिले के रहने वाले कैप्टन अजय प्रकाश श्रीवास्तव की भी मौत हो गई है। कैप्टन अजय प्रकाश श्रीवास्तव बीते कई साल से दिल्ली में रह रहे थे। उन्हें उड़ान का अच्छा अनुभव होने के कारण राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका था। बताया जा रहा है कि वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की फ्लाइट में पायलट रह चुके हैं। कैप्टन अजय की पत्नी मंजू श्रीवास्तव भी एयरफोर्स में थीं। दोनों ने 10 वर्ष पूर्व वीआरएस ले लिया था।वह वर्तमान में जेपी ग्रुप में एविएशन इंचार्ज थे।

हेलीकॉप्टर क्रैश की होगी जाँच
मिली जानकारी के मुताबिक कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा और कैप्टन एपी श्रीवास्तव कथित तौर पर एयरपोर्ट पर फ्लाइंग अभ्यास कर रहे थे। इस अभ्यास के दौरान यह हादसा हुआ ,जिसमे दोनों पायलटों की मौत हो गई है। घटना के संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार ने बयान जारी कर बताया है कि गुरुवार रात करीब 9.10 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर एक राजकीय हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है ।
यह नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। प्रारंभिक संकेत तकनीकी खराबी को दुर्घटना की वजह बताते हैं। दुर्घटना के बाद कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा और कैप्टन एपी श्रीवास्तव की दुर्भाग्य से मृत्यु हो गई। घटना के कारणों की पड़ताल के लिए डीजीसीए और राज्य सरकार के आदेश पर विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ हेलीकॉप्टर क्रैश मामला, दुर्घटना से पहले 5 बार हेलीकॉप्टर बजा चुका था खतरे का सायरन !












Click it and Unblock the Notifications