Chhattisgarh Election: अमित शाह के बयान पर भड़के जयराम रमेश और सीएम भूपेश बघेल, सोशल मीडिया पर निकाला गुस्सा
JAIRAM RAMESH TO AMIT SHAH: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का चुनाव प्रचार ज़ोरशोर से चल रहा है। सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्य के पूर्व सीएम रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव में नामांकन रैली के बहाने भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया।

इस दौरान अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर कई बड़े आरोप लगाए, लेकिन कुछ माह पूर्व हुई बिरनपुर हिंसा को लेकर बयान कांग्रेस को चुभ गया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट करके शाह पर निशाना साधा है,वहीं सीएम भूपेश बघेल ने भी इस ट्वीट को शेयर किया है।
जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि देश के गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में अत्यंत भड़काऊ बयान दिया है। उन्होंने हत्या के एक मामले को लेकर अपनी चुनाव सभा में सीधे कहा, " भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टिकरण के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुवनेश्वर साहू को लिंचिंग करवाकर मार दिया। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि हम भुवनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे और इसके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा है।"
जयराम रमेश ने आगे लिखा कि अमित शाह का यह बयान ना केवल आपत्तिजनक है बल्कि इसका एकमात्र उद्देश्य शांत प्रदेश छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक हिंसा भड़काना है। गृह मंत्री ने चुनावी फ़ायदे की नीयत से उन्माद भड़काने के लिए यह बयान दिया है। उन्होंने जो कहा है वह बिल्कुल झूठ है। हक़ीक़त यह है कि हिंसा और प्रति हिंसा के इस मामले में सरकार ने त्वरित कार्रवाई की थी और आरोपियों को गिरफ़्तार करके जेल भेजा था।












Click it and Unblock the Notifications