Chhattisgarh: डिप्टी सीएम अरूण साव पहुंचे जरहागांव, कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में हुए शामिल
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरूण साव जरहागांव में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। साव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जरहागांव क्षेत्र कबड्डी के लिए जाना जाता है। यहां न केवल कबड्डी के बड़े आयोजन हुए हैं, बल्कि कई बड़े खिलाड़ी भी आये हैं,यह परम्परा आगे भी लगातार जारी रहना चाहिए।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने जरहागांव के विकास में हरसंभव मदद की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रतियोगिता एक बेहतरीन मंच है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। जरहागांव का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो, इसके लिएवह प्रयास करेंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कबड्डी प्रतियोगिता के बेहतरीन आयोजन के लिए आयोजक समिति को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साव ने जरहागांव में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। जिला पंचायत की सदस्य दुर्गा उमाशंकर साहू, जनपद पंचायत मुंगेली के उपाध्यक्ष पवन पाण्डेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला कबड्डी संघ और आयोजन समिति के पदाधिकारी,सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेलप्रेमी कार्यक्रम में मौजूद थे।
ज्ञात हो कि जरहागांव में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मैच गीधा और कोरबा के बीच खेला गया। डिप्टी सीएम साव ने टॉस कराकर फाइनल मैच शुरू कराया। कोरबा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्राफी कर कब्जा जमाया। साव ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों की विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।











Click it and Unblock the Notifications