Chhattisgarh: बीजापुर में बड़ा ऑपरेशन, मुठभेड़ में मारे गए 31 नक्सली, 2 जवान शहीद
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से ठीक पहले सुरक्षा बल के जवानों ने बीजापुर में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर के बीजापुर नेशनल पार्क इलाके में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 31 से ज्यादा नक्सली मारे गए।
वहीं, दो जवान शहीद हो गए और दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, फरार नक्सलियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने मुठभेड़ में 31 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है।

मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम नक्सल ऑपरेशन पर थी। इस मुठभेड़ में जवानों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है। मुठभेड़ की जगह से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। पिछले काफी वक्त से छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ, सी-60 के जवान इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। बता दें कि बीजापुर में ही 1 फरवरी, 2025 को गंगालूर इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें 8 नक्सली मारे गए थे। वहीं, पिछले महीने 20-21 जनवरी को छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर गरियाबंद जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे।
इनमें 90 लाख का इनामी नक्सली चलपति भी शामिल था। इस बीच, बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि इस साल 1 फरवरी, 2025 तक राज्य में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में 50 से ज्यादा नक्सली मारे गए है। तो वहीं, भाजपा सरकार बनने के बाद से अब तक हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ में हुए कब-कब हुए बड़े एनकाउंटर, अब तक इतने नक्सलियों की गई जान, कितनों ने छोड़े हथियार












Click it and Unblock the Notifications