CG: केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है, बीजापुर में बोले सीएम विष्णुदेव साय
Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बीजापुर में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। हर दिन कांग्रेसी अपनी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। यह तो वो भी जानते हैं कि न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं। सीएम साय ने जनता से अपील की कि कांग्रेसियों की बातों में नहीं आना है, उसको सबक सिखाना है और इस चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देना है।
यह भी पढ़ें CG: सीएम विष्णुदेव साय ने जगदलपुर में किया रोड शो, BJP प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए मांगे वोटc












Click it and Unblock the Notifications