CG Olympics 2022: छत्तीसगढ़ में जब कलेक्टर ने बोला कबड्डी-कबड्डी, तो ग्रामीणों ने जमकर पकड़ा
छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा स्थानीय व पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत सभी जिलों में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। इन दिनों बेमेतरा जिले में भी छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन नवागढ़ ब्लाक में किया गया है। जिसका निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला स्वयं यहां पहुंचे थे। जहां बच्चों को खेलते देख कलेक्टर अपने आप को रोक नहीं सके, और स्वयं बच्चों की तरह खेलना शुरू कर दिया।

धान खरीदी केंद्र व खेल आयोजन का किया निरीक्षण
बेमेतरा कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला गुरुवार को नवागढ़ ब्लाक के दौरे पर रहे इस दौरान उन्होंने नवागढ़ एवं ग्राम अंधियारखोर के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने यहां समिति प्रबंधक एवं अध्यक्षों और किसानों से भी चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर ने राज्य सरकार की योजनाओं के सफल कियान्वयन को लेकर पंचायत सचिवों की बैठक जनपद कार्यालय में ली। इस बैठक में धान खरीदी, सुराजी गांव योजना, नरवा गरवा घुरवा बाड़ी, स्वच्छता विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही कलेक्टर नवागढ़ में आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन में स्कूल भी पहुंचे।

ब्लाक स्तरीय खेलों का हो रहा अयोजन
बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लाक में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ़ के मैदान में किया जा रहा है। इन खेलों में जिले के 500 से भी अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यहां गिल्ली डंडा, बाटी, भंवरा (लट्टू), कबड्डी, खो-खो, पिठ्ठूल, दौड़ जैसे खेलों का आयोजन किया गया है। इन खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ साथ छात्रों में प्रतिस्पर्धा और खेल भावना पैदा करने काम भूपेश सरकार के निर्देशन में हो रहा है।

कलेक्टर ने कबड्डी खेल में आजमाया हाथ, ग्रामीणों ने पकड़ा
नवागढ़ में आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला ने बच्चों को खेलते दिखा तो वे स्वयं को नहीं रोक पाए। कलेक्टर ने भी कबड्डी में हाथ आजमाया , कलेक्टर को कबड्डी कबड्डी बोलकर मैदान में उतरते देख, खिलाड़ी और ग्रामीण भी खुशी से झूम उठे, कलेक्टर के साथ ग्रामीणों ने कबड्डी खेली और जैसे कलेक्टर कबड्डी कबड्डी बोलते हुए मैदान मैदान में उन्हें जमकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने बांटी और गिल्ली डंडा में भी हाथ आजमाया, लेकिन इस बार कलेक्टर फिसड्डी हो गए। लेकिन कलेक्टर को बच्चे की तरह खेलते देखकर बच्चे काफी उत्साहित हुए।

गोठान दिवस में भी दिखा था कलेक्टर का अलग अंदाज
कुछ दिन पहले ही बेमेतरा कलेक्टर गोवर्धन पूजा के दिन गौठान दिवस पर जिले के गंगपुर गोठान में कार्यक्रम के दौरान राउत नाचा में नाचते नजर आए थे। वे दोनों हाथों में फुलेता (नृत्य के दौरान पकड़ने वाला फूलों से सजा डंडा) लिए यादव समाज के लोगों के साथ दोहे पर नाचते नजर आए थे।

राहुल बोरवेल्स रेस्क्यू के लिए सीएम ने किया था सम्मानित
2011 बैच के कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला मेहनती आईएएस ऑफिसरों में गिने जाते हैं। वे बेहतर प्लानिंग एवं टीम वर्क के माध्यम से नवाचार के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने प्रदेश के संस्कृति विभाग, वन विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली है। जांजगीर जिले मे राहुल बोरवेल्स रेस्क्यू में बेहतर टीम वर्क के लिए सीएम ने उन्हे सम्मानित भी किया था।
यह भी पढ़ें.. Chhattisgarh के इस गांव में शराब पीना पड़ेगा महंगा, जुर्माना सुनकर उड़ जाएंगे होश, जानिए पूरा मामला












Click it and Unblock the Notifications