CG: भूपेश बघेल पर बरसे BJP सांसद विजय बघेल, बताया फर्जी बात करने वाला फर्जी आदमी
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह स्वामी आत्मानंद स्कूलों का नाम बदलने वाली है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय बघेल ने इस आरोप का खंडन किया है। शनिवार को रायपुर में एक प्रेस कांफ्रेंस में दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और भूपेश बघेल पर अफवाह फ़ैलाने का आरोप लगाया।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार को अपने एक्स हेंडल पर लिखा था कि शासन द्वारा गुपचुप तरीके से प्रदेश के स्वामी आत्मानंद स्कूलों को "पीएम श्री" में बदलने की कवायद चल रही है। छत्तीसगढ़ में जन्मे एक संत और आध्यात्मिक व्यक्ति के नाम को भी ये हटाना चाहते हैं, इससे इनकी नियत ज़ाहिर होती है. सभी जनप्रितिनिधियों से अपील है कि इसका डटकर विरोध करें, छत्तीसगढ़ की पहचान को गुलाम होने से रोकें।

इधर शनिवार को भाजपा सांसद और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विजय बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आड़े हाथों लिया और कहा है बिना तथ्यों को जाने की जा रही बयानबाजी फर्जी आदमी की फर्जी बातें हैं। सांसद विजय बघेल ने स्पष्ट किया कि पीएमश्री योजना अंतर्गत चयनित किसी भी शाला का नाम परिवर्तित नहीं होगा, चयनित विद्यालयों के इस योजना में शामिल हो जाने से केन्द्र सरकार से अतिरिक्त आर्थिक एवं तकनीकी सुविधाएँ प्राप्त होंगीं।
भाजपा सांसद बघेल ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर कांग्रेस एक बार फिर 'प्रलाप-मोड' पर आ गई है। कांग्रेस इस योजना को लेकर तरह-तरह के झूठ फैलाकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की नाकाम कोशिशों में जुटी है।
भाजपा सांसद ने आगे कहा कि जिस कांग्रेस ने साधु-संतों पर गोलियाँ बरसाने और हर मौके पर उन्हें अपमानित करने में जरा भी शर्म महसूस नहीं की, आज वह कांग्रेस साधु-संतों के नाम पर घृणित राजनीति कर रही है जबकि आत्मानंद स्कूलों के लिए एक रुपए का बजट प्रावधान नहीं करके भूपेश सरकार ने खुद स्वामी आत्मानंदजी का घोर अपमान करने काम किया था, जबकि केंद्र सरकार ने पीएमश्री योजना के तहत आगामी पाँच वर्षों के लिए 27 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है। बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल में खोले गए स्वामी आत्मानंद स्कूलों की दुर्दशा, अव्यवस्था से पूरा प्रदेश वाकिफ है। अब प्रदेश की भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिहाज से अनुकरणीय पहल कर रही है तो कांग्रेस के लोग प्रलाप कर रहे हैं। दरअसल जब भी विकास और शिक्षा के उन्नयन की बात होती है, कांग्रेस भयभीत नजर आने लगती है क्योंकि जहाँ-जहाँ शिक्षा का स्तर बढेगा, कांग्रेस खत्म होती जाएगी, जहाँ-जहाँ गरीबी हटेगी, कांग्रेस समाप्त होगी।
भाजपा सांसद बघेल ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएमश्री) योजना का शुभारंभ किया था। पीएमश्री योजना के पहले चरण में प्रत्येक शाला पर 2 करोड़ रुपए खर्च करके 'हब एंड स्पोक' मॉडल पर अपग्रेड किया जाएगा। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार / राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकार स्थानीय निकायों द्वारा प्रबंधित स्कूलों में से चयनित मौजूदा स्कूलों को मज़बूत करना है। इसके अलावा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक व्यापक पहुँच प्रदान करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक पीएमश्री स्कूल स्थापित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 12 नक्सली ढेर, सीएम साय बोले- हम मजबूती से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ रहे












Click it and Unblock the Notifications