पीएम का सिर फोड़ने की बात को छत्तीसगढ़ी मुहावरा बताकर भूपेश ने किया राज्य की भाषायी अस्मिता का अपमान: भाजपा
Chhattisgarh Lok Sabha Chunav 2024: छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र का सिर फोड़ने वाला आदमी चाहिए की अपील करते हुए पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और हद तो इस बात की हो गई कि भूपेश बघेल महंत का बचाव में उतर आए जिसके बाद भूपेश बघेल बुरी तरह भाजपा के निशाने पर आ चुके हैं।

सांसद और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल का महंत के बचाव के लिए भूपेश बघेल पर करारा पलटवार किया। भाजपा प्रत्याशी ने कहा भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का क ख ग नहीं पता है और अपनी हरकतों से हमेशा छत्तीसगढ़ महतारी को शर्मिंदा करते रहते हैं।
बता दें छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने मोदी के लिए अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि अच्छी तरह लाठी पकड़ने वाला नरेंद्र मोदी का सिर फोड़ने वाला सांसद चाहिए। फिर कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर देखते हुए महंत ने कहा था कि इसके लिए बघेल फिट हैं,इसलिए उन्हें जिताएं।
चरणदास महंत की अपील को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनंदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी मुहावरा बताकर उनका बचाव किया था।
महंत के बयान के बाद भाजपा ने भी "मैं हूं मोदी का परिवार पहली लाठी मुझे मारे" का अभियान शुरू कर दिया है।
चहीं भाजपा सांसद व दुर्ग संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बघेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का सिर फोड़ देने की बात कहने को छत्तीसगढ़ी मुहावरा बताकर भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़,यहां की सांस्कृतिक विरासत और भाषायी अस्मिता की मर्यादा का सीधे-सीधे तौर पर अपमान किया है।
भाजपा प्रत्याशी बघेल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसे मुहावरे भूपेश बघेल के इटली में होते होंगे, छत्तीसगढ़ को अपने मुहावरे आदि की व्याख्या के लिए भूपेश बघेल की ज़रूरत नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के अनुसार प्रभु महादेव जैसे महज़ सट्टा खिलाने के लिए ऐप मात्र बन गए, वैसे ही इतनी बड़ी बात और हिंसा का आह्वान छत्तीसगढ़ी मुहावरा कैसे हो जायेगा?
भाजपा सांसद बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल से यह भी पूछा है कि महंत द्वारा नवीन जिंदल को चप्पल से पीटने की बात को भी क्या भूपेश बघेल मुहावरा ही कहेंगे?
नेता प्रतिपक्ष महंत यह भी कह रहे थे कि शिव (शायद डहरिया) केवल गाली दे सकते हैं मोदीजी को, तो चप्पल से पीटना, गाली देना, इन सभी को भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ी मुहावरा कहेंगे? कांग्रेस नेताओं के आपत्तिजनक बयान उनके मानसिक दीवालिएपन की पराकाष्ठा है।
भाजपा सांसद बघेल ने जानना चाहा कि आखिर राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान से ये कैसे-कैसे और कौन-कौन से फरमान निकल रहे हैं?
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल द्वारा महंत के बचाव में कांग्रेस को गांधी की उत्तराधिकारी बताकर अहिंसावादी होने का दावा किए जाने पर भाजपा सांसद बघेल ने सवाल दागा कि यह कांग्रेस जो अपने को गांधी की परंपरा का उत्तराधिकारी स्वघोषित होने का वन एंड एक्सक्लूसिव कॉपीराइट होल्डर होने का दावा कर रही है, उसके पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन को बताएँ की क्या गांधीजी लाठी इसीलिए रखते थे?
अपने बयान को लेकर नेता प्रतिपक्ष महंत की सफाई को भी भाजपा सांसद ने कांग्रेस का राजनीतिक ढोंग बताते हुए कहा महंत का यह कथन कोई सहज रूप से मुंह से निकला हुआ या फिसला हुआ शब्द नहीं है, क्योंकि उसके बाद के कई वाक्यों में निरंतर देवेंद्र और शिव नाम लेकर महंत ने अपने कथन की व्याख्या की है।
भाजपा नेता बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के विरुद्ध व्यक्तिगत रूप से विषवमन करके प्रदर्शित की जा रही घृणा का माकूल जवाब प्रदेश की जनता लोकसभा चुनाव में सभी 11 सीटों पर भाजपा का कमल खिलाकर देगी।












Click it and Unblock the Notifications