भिलाईः बेटा नहीं करता था कुछ काम तो पिता ने उतार दिया मौत के घाट
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां वृद्ध पिता ने अपने ही बेटे की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। आरोपित पिता बेटे के कोई काम नहीं करने के कारण नाराज रहता था। परिजन और पड़ोसियों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ग्राम गनियारी निवासी कोमल चंद चौहान (30) कोई काम नहीं करता था। इसके चलते उसका लंबे समय से अपने पिता बसंत कुमार चौहान (62) से विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी के चलते मंगलवार सुबह बसंत ने हथौड़े और सब्बल से सोते हुए कोमल के सिर पर वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय मां, बहन और भाई सभी घर में ही थे। सुबह काफी देर तक जब पिता-पुत्र नहीं दिखाई दिए तो परिजनों को शंका हुई। इस पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कोमल खून से लथपथ पड़ा था। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा और सब्बल भी बरामद कर लिया है।
वहीं बीजापुर जिले में मंगलवार को बासागुड़ा थाना इलाके के पेद्दागेलुर के उत्तरी हिस्से में बसे गोलाकोणडा गांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। यहां जंगल में करीब 30 मिनट तक फायरिंग होती रही। मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गए। मौके से 1 माओवादी की लाश बरामद की गई है। मारे गए नक्सली की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। जहां मुठभेड़ हुई वो इलाका जिला मुख्यालय से काफी दूर है।












Click it and Unblock the Notifications