'मुख्यधारा से जुड़िए, आप हमारे अपने', अमित शाह ने दंतेवाड़ा में नक्सलियों से की ये अपील
Amit Shah: अब वह समय चला गया जब यहां गोलियां चलती थीं और बम धमाके होते थे। मैं उन सभी लोगों से, जिनके हाथ में हथियार हैं, सभी नक्सली भाइयों से, हथियार छोड़ने का आग्रह करने आया हूं। यह बात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में कही।
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार 05 अप्रैल को दंतेवाड़ा पहुंचे अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'अब वह समय चला गया जब यहां गोलियां चलती थीं...बम धमाके होते थे।'

शाह ने कहा कि मैं उन सभी लोगों से, जिनके हाथ में हथियार हैं, सभी नक्सली भाइयों से, हथियार छोड़ने का आग्रह करने आया हूं। जब कोई नक्सली मारा जाता है तो कोई खुश नहीं होता, लेकिन इस क्षेत्र को विकास की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि विष्णु देव साय और विजय शर्मा ने घोषणा की है कि जो गांव हर नक्सली को सरेंडर करवाएगा, उस गांव को नक्सल मुक्त घोषित किया जाएगा और विकास राशि के रूप में एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
इस दौरान अमित शाह ने नक्सलियों से कहा कि मुख्यधारा से जुड़िए, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार आपका पूरा संरक्षण करेगी। इतना ही नहीं, शाह ने आगे कहा कि हमारे सुरक्षाबल के जवान बहुत ही मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं।
नक्सल मोर्चे पर लगातार सफलता मिल रही है। हमें पूरा भरोसा है की मां दंतेश्वरी की कृपा से केंद्रीय गृहमंत्री का मार्च 2026 से पहले छत्तीसगढ़ सहित देश को नक्सल मुक्त करने का संकल्प पूरा होगा।
छत्तीसगढ़ का बस्तर इलाका यहां का पर्यटन स्थल है, जो स्वर्ग जैसा है यहां पर फिर पुराना समय आएगा और देश-दुनिया के लोग आएंगे। बता दें कि अमित शाह विमान से बस्तर पहुंचे और यहां से दंतेवाड़ा के लिए रवाना हुए।
दंतेवाड़ा पहुंचकर सबसे पहले मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। मां का आशीर्वाद लेने के बाद अमित शाह बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications