Chhatarpur News: हाथ जोड़कर नहीं किया राम-राम तो दबंगों ने बरसाए लाठी डंडे, दलित बुजुर्गों को जमकर पीटा
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक दलित बुजुर्ग ने गांव के ब्राह्मण युवकों से सीधे हाथ से राम-राम नहीं किया तो युवकों ने उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी।
बुजुर्ग अपनी शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंचा। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के 2 दिन बाद आरोपी युवकों पर हरिजन एक्ट के अलावा गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।

पूरा मामला छतरपुर जिले के खजुराहो थाना इलाके के उदयपुरा गांव का है। उदयपुरा गांव में रहने वाले 59 वर्षीय बुजुर्ग नाथूराम अहिरवार 12 दिसंबर की दोपहर लगभग 2:00 बजे अपने घर के बाहर बैठा था।
तभी वहां से गांव के ही अभिषेक दुबे और रामजी पांडे गुजर रहे थे। इस दौरान बुजुर्ग नाथूराम अहिरवार ने उल्टे हाथ से राम-राम किया तो यह अभिषेक और रामजी को पसंद नहीं आया और उन्होंने डंडों से नाथूराम के साथ मारपीट कर दी।
पिटाई की वजह से बुजुर्ग के दोनों पैरों में चोट आई है। जिसके बाद पीड़ित बुजुर्ग फरियाद लेकर खजुराहो थाने पहुंचा। लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके बाद बुजुर्ग अपने परिवार के साथ 2 दिन बाद 14 दिसंबर को जिला मुख्यालय अजाक थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा थाने में फटकार लगाने के बाद 14 दिसंबर की शाम करीब 7:30 पर खजुराहो थाना पुलिस ने आरोपी युवक अभिषेक दुबे और रामजी पांडे पर धारा 323,294,506, हरिजन एक्ट एवं 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications