G-20 के बहाने कामचोरी: DM आफिस पहुंचे तो 132 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले! 1 दिन का वेतन काटा
G-20 Summit के कारण छतरपुर जिला मुख्यालय पर कलेक्टोरेट से लेकर बाकी विभागों के कर्मचारी जमकर कामचोरी कर रहे हैं। बिना बताए ड्यूटी से छुट्टी मना रहे हैं। बहाना जी-20 का बना रहे हैं।

G-20 Summit सांस्कृतिक समूह की बैठकें छतरपुर जिले के खजुराहो में आयोजित हो रही हैं। इसमें जिला प्रशासन ने सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इधर जिनकी ड्यूटी नहीं लगाई गई है, वे अधिकारियों की अनुपस्थिति और व्यवस्था का फायदा उठाकर हॉलिडे मना रहे हैं। बीते रोज डीएम साहब ने अपने ही कलेक्टोरेट की शाखाओं का निरीक्षण कर डाला। इस दौरान शाखाएं सूनी पड़ी थीं और G-20 Summit का बहाना बनाकर 132 कर्मचारी ड्यूटी और कार्यालय से नदारद मिले। डीएम ने सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर संदीप जीआर के गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न शाखाओं का सुबह साढ़े 10 बजे आकस्मिक निरीक्षण में किया था। इस दौरान पांच-दस नहीं बल्कि पूरे 132 अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। इस आकस्मिक निरीक्षण से कलेक्टोरेट छतरपुर के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण में कार्यालय कलेक्टर की भू-अभिलेख शाखा के 27 कर्मचारी सौरभ आदिवासी, जयप्रकाश शुक्ला, गोविंद प्रसाद गुप्ता, अनिल खरे, रामअनन्दे सिंह, श्रीमती पूजा पाठक, नीरज पटेरिया आदि सहित पटवारी अंजनी पटेल, अनिल रूसिया, अभिषेक त्रिपाठी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार कलेक्टर कार्यालय के 42, कार्यालय सहायक जिला आबकारी के 13, जिला पेंशन कार्यालय के 16, जिला कोषालय अधिकारी सहित 21, आदिम जाति कल्याण के 8, कार्यालय भू-प्रबंधन के 5 अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को तय दिवस में जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं इनका एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिए गए हैं।
जी-20 समिट का बहाना बनाकर ड्यूटी से कामचोरी
जिला प्रशासन के प्रशासनिक अधिकारियों के जी-20 समिट में व्यस्त होने का अनाधिकृत लाभ इन कर्मचारियों द्वारा उठाया गया और वह लापरवाह करते हुए छुट्टी के मूड़ में आ गए। बीते तीन दिन से ऐसा ही हाल यहां बताया जा रहा था। कलेक्टर संदीप जीआर को इस बारे में शिकायत की गई थी। कलेक्टर ने कर्मचारियों के इस आचरण से सिविल सेवा आचरण नियम के तहत गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी और बड़ी कार्यवाही की है।












Click it and Unblock the Notifications