तुम काली हो, मैं तुमसे शादी नहीं कर सकता’, ये कहकर सगाई के बाद दूल्हे ने तोड़ा रिश्ता तो थाने पहुंच गई दुल्हन
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सगाई होने के बाद होने वाले दूल्हे ने शादी करने से ही इनकार कर दिया है। दूल्हे ने यह कहते हुए शादी तोड़ दी कि दुल्हन काली है इसी वजह से वह उससे शादी नहीं कर सकता है। जिसके बाद लड़की और उसके परिजन परेशान हो गए। परेशान होकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
दरअसल अलीपुरा थाना क्षेत्र के करारा गंज में रहने वाली कुमारी भारती की शादी झांसी जिले के भिटौरा में रहने वाले रूपेश अहिरवार से जून 2023 में फिक्स हुई थी। गोद भराई की रस्म के बाद पंडित के समक्ष 25 अप्रैल 2024 को शादी का शुभ मुहूर्त निकाला था।

सगाई में लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष को तीन लाख रुपये भी नगद दिए और 50 हजार रुपए खर्च भी हुए थे। शादी की तय तारीख के हिसाब से लड़की पक्ष के लोग शादी की तैयारियों में लग गए। लड़की वालों का कहना है कि शादी के कार्ड छप गए और रिश्तेदारों को भिजवा दिए गए। लेकिन इसी बीच शादी के ठीक 15 दिन पहले रूपेश ने कुमारी भारती से शादी तोड़ दी और फोन उठाना बंद कर दिया है।
कुमारी भारती के मुताबिक चूंकि उसकी रूपेश से शादी होनी ही वाली थी इसलिए उससे फोन पर बात कर लेती थी। रूपेश ने शादी तोड़ने से पहले फोन पर कहा था कि 'तुम काली हो। मेकअप किया करो। खेत में काम करने से तुम काली हो गई हो इसलिए अब मैं तुमसे शादी नही कर सकता।'
कुमारी भारती(प्रिंसी)का कहना है कि इसके बाद उनके परिवार के लोगों ने कई बार रूपेश से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कोई भी जबाव नहीं आया। बाद में पता चला कि रूपेश ने किसी दूसरी लड़की से शादी करने वाला है। अब उसे दहेज में 5 लाख रुपये नगद मिल रहे हैं।
शादी टूटने के बाद कुमारी भारती बेहद दुखी है। वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ पुलिस से मदद की गुहार लगा रही है। ताकि उसके काले रंग की वजह से शादी तोड़ने वाले रूपेश पर कानूनी कार्रवाई हो सके और उसका पैसा वापस मिल सके। वहीं इस मामले में छतरपुर जिले के एडिशनल एसपी विक्रम सिंह का कहना है कि इस मामले में एक आवेदन आया है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications