Online Gambling पर बैन के विधेयक को तमिलनाडु के राज्यपाल ने दी मंजूरी
ऑनलाइन गैंबलिंग (Online Gambeling) पर प्रतिबंध लगाने के लिए तमिलनाडु सरकार के विधेयक को राज्यपाल आरएन रवि ने स्वीकृति दे दी है। इसके बाद अब प्रदेश में ऑनलाइन गैंबलिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लग जाएगा, साथ ही ऑनलाइन गेमिंग को लेकर भी प्रदेश में नए कानून को लागू किया जाएगा। गौर करने वाली बात है कि तमिलनाडु के अलावा छत्तीसगढ़ ने भी ऑनलाइन गैंबलिंग के खिलाफ बड़ा ऐक्शन लिया है। बघेल सरकार ने डीजीपी को आदेश दिया है कि इसको प्रतिबंधित करने के लिए जरूरी कानूनी प्रावधान तैयार किए जाएं और इसके प्रारूप को प्रस्तुत किया जाए।

तमिलनाडु के गृहमंत्री ने कहा था कि हमने ऑनलाइन गैंबलिंग पर बैन लगाने के लिए विधेयक को राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। जल्द ही इसके आगे की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इससे पहले भी तमिलनाडु की सरकार ने 2021 में ऑनलाइन गैंबलिंग को रोक लगाने के लिए कदम उठाया था,लेकिन उस वक्त मद्रास हाई कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था। जिसके बाद एक बार फिर से सरकार ने ऑनलाइन गैंबलिंग के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत की है।
ऑनलाइन गैंबलिंग पर रोक के लिए अध्यादेश को रिटायर्ड जज के चंद्रू की एक रिपोर्ट के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने इस साल सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमे कहा गया था कि ऑनलाइन गैंबलिंग से भारत में बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, लिहाजा इसपर प्रतिबंध लगना चाहिए। जस्टिस चंद्रू ने अपनी 71 पन्नों की रिपोर्ट में सरकार को कई सुझाव दिए थे। सरकार ने रिपोर्ट पर विचार के बाद इसपर एक सर्वे कराया और इसके बाद विधेयक तैयार किया। रिपोर्ट के अनुसार ऑनलाइन गैंबलिंग से बच्चों के मानसिक और आर्थिक हालात खराब होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications