Tamil Nadu: जहरीली शराब से 14 मौतों के मामले में एक्शन में स्टालिन, सीबी-सीआईडी को ट्रांसफर किया केस
Tamil Nadu spurious liquor case: तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन जहरीली शराब पीने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए लोगों से मिले। इसी के साथ उन्होंने कहा कि इस मामले को सीबी-सीआईडी को ट्रांसफर किया जा रहा है।

देश में जहरीली शराब से मौतों का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तमिलनाडु में दो अलग-अलग घटनाओं में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन ने पीड़ित लोगों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। साथ ही कहा कि इस केस की जांच सीबी-सीआईडी करेगी।
जहरीली शराब का 'कहर'
तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के मरक्कनम में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि चेंगलपट्टू जिले के मदुरंथकम में पांच लोगों की जिंदगी चली गई। इस घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 7 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
इस घटना पर तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि नकली शराब बनाने के लिए मेथनॉल का इस्तेमाल किया गया। सीएम ने इस मामले में एक्शन लेते हुए विल्लुपुरम के एसपी को निलंबित करने और चेंगलपट्टू के एसपी के तबादले का आदेश दिया है।
अस्पातल में लोगों से की मुलाकात
पुलिस ने 57 केस दर्ज करते हुए अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने नकली शराब बनाई थी और उसकी सप्लाई की थी। इधर, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन विलुप्पुरम सरकारी अस्पताल पहुंचे और जहरीली शराब पीने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए लोगों का हालचाल जाना।
वहीं जहरीली शराब त्रासदी से जुड़े इस मामले की जांच के लिए सीएम स्टालिन ने कहा कि केस को सीबी-सीआईडी को ट्रांसफर किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को अब भी इन दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
7 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से अधिकाारियों ने बताया कि अस्पताल में दो दर्जन से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है, जो फिलहाल खतरे से बाहर है। आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है। वहीं दोनों जिलों से तीन इंस्पेक्टर और चार सब-इंस्पेक्टर को ड्यूटी में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है।
10 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जहरीली शराब से हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए और अस्पताल में भर्ती लोगों को 50 हजार रुपए का मुआवजा देने का आदेश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications