तमिलनाडु में 9 सितंबर तक बढ़ा लॉकडाउन, स्कूल और थिएटर को लेकर सरकार ने की बड़ी घोषणा
चेन्नई, अगस्त 21। तमिलनाडु में कोरोना की धीमी पड़ती रफ्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने कोविड प्रतिबंधों में ढिलाई का ऐलान किया है। हालांकि सरकार ने लॉकडाउन को 9 सितंबर तक बढ़ा दिया है। दरअसल, शनिवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ऐलान किया कि 1 सितंबर से राज्य में कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक के स्कूलों को खोल दिया जाएगा। इसके अलावा सोमवार से राज्य में 50 फीसदी क्षमता के साथ थिएटर भी खोले जाएंगे। हालांकि इसके लिए सरकार ने कुछ शर्तें रखी हैं।

राज्य सरकार की नई घोषणाएं
- सरकार के ऐलान के मुताबिक, सोमवार से थिएटर 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। इसके अलावा उन्हीं थिएटर को खोलने की अनुमति दी जाएगी, जहां थिएटर के कर्मचारियों का टीकाकरण हो गया होगा।
- इसके अलावा 1 सितंबर से कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं के स्कूल खुलेंगे। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा। इसके अलावा स्कूल भोजन योजना के तहत छात्रों को भोजन भी परोसा जाएगा। कक्षा एक से आठवीं के लिए ऑफलाइन कक्षाएं फिर से शुरू करने पर फैसला 15 सितंबर के बाद लिया जाएगा।
- इसके अलावा 1 सितंबर से कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थान रोटेशन के आधार पर खुलेंगे। इन प्रतिष्ठानों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि फैकल्टी और स्टाफ सदस्यों का टीकाकरण हो गया हो।
- बार, होटल और क्लबों को खोलने की अनुमति मिल गई है, बशर्ते स्टाफ के सदस्यों को वैक्सीन लग चुकी हो।
- इसके अलावा बीच भी खुलेंगे। अधिकारियों को विक्रेताओं और दुकानदारों का टीकाकरण सुनिश्चित करना होगा। इसके अलावा सरकार ने बोटेनिकल और जूलॉजिकल पार्क को खोलने की अनुमति भी दे दी है।
- सरकार ने आईटी कंपनियों को 100 फीसदी क्षमता के साथ काम की मंजूरी दे दी है।
- स्विमिंग पूल सिर्फ स्पोर्ट्स ट्रेनिंग के लिए खुले रहेंगे। 18 वर्ष से अधिक आयु के ट्रेनी और ट्रेनर को यहां आने की अनुमति होगी। हालांकि इनको वैक्सीन लगना अनिवार्य होगा।
- जिन दुकानों को पहले रात 9 बजे तक खुले रहने की अनुमति थी, उन्हें एक घंटे की छूट मिली है और अब वे रात 10 बजे तक चल सकती हैं।
- आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के लिए बस सेवाओं को कोविड एसओपी के साथ संचालन फिर से शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications