इस दिवाली गोल्ड नहीं डिजिटल गोल्ड, अमिताभ बच्चन और रणवीर सिंह बताएंगे बिटकॉइन के फायदे
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। दिवाली के शुभ दिन पर खरीदारी का बड़ा महत्व है। खासतौर पर दिवाली से पहले पड़ने वाले धनतेरस पर सोना खरीदने को बहुत ही शुभ माना जाता है। लेकिन इस बार भारतीयों के लिए गोल्ड की जगह डिजिटल गोल्ड यानि बिटकॉइन की चर्चा तेज है। इस दिवाली बॉलीवुड के दो बड़े स्टार सोने की जगह क्रिप्टोकरेंसी की खरीदारी का विकल्प पेश कर रहे हैं।

बॉलीवुड के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन धनतेरस पर भारतीयों को बेहतर और आसान निवेश के रूप में सोने की जगह क्रिप्टोकरेंसी को बढ़ावा देते नजर आएंगे। इसके लिए उनके क्रिप्टो एक्सचेंज कॉइनडीसीएक्स के साथ जुड़ने की खबर है।
बेंगलुरु स्थित कॉइनस्विच कुबेर और कॉइनडीसीएक्स जैसे क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बिटकॉइन को सोने की जगह एक विकल्प के रूप में बता रहे हैं।
रणवीर सिंह कॉइनस्विच कुबेर से जुड़े
इसके पहले अभिनेता रणवीर सिंह को भारत के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज कॉइनस्विच कुबेर ने अपना पहला ब्रांड एंबेसडर बनाया था जहां वे कंपनी के कुछ तो बदलेगा अभियान का हिस्सा बने हैं। कंपनी का एक विज्ञापन में रणवीर सिंह ने अपनी फिल्म गलीबॉय स्टाइल में एक हिंदी रैप दिया है जिसमें ये बताया गया है कि क्रिप्टो ट्रेडिंग कितनी आसान है। रणवीर सिंह ने अपने ट्विटर पेज पर भी इसे शेयर किया है जिसमें लिखा है "क्रिप्टो बोले तो कॉइनस्विच! इंडिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एप पर लग जा ना, छोटे! कॉइनस्विच कुबेर डाउनलोड करें और 100 रुपये से अपनी क्रिप्टो जर्नी शुरू करें।
हालांकि आसान होना मुख्य चिंता का विषय नहीं है। मुख्य चिंता 2020 का भारतीय रिजर्व बैंक का वह फैसला है जिसमें अदालतों द्वारा प्रतिबंध हटाए जाने तक भारतीय रिजर्व बैंक ने क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग पर प्रभावी रूप से प्रतिबंध लगा दिया। जिसके चलते क्रिप्टोकरेंसी में तेजी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अभी भी निवेश करने से संकोच कर रहे हैं।
सेलीब्रिटी के जुड़ने से फायदा
ऐसे में सेलीब्रिटी के जुड़ने से क्रिप्टो को मुख्यधारा में लाने में मदद मिलती है और बिग बी के नाम से मशहूर अमिताभ बच्चन के जुड़ने से इसमें और मदद मिलेगी। इससे पहले अमिताभ बच्चन ऑनलाइन और दूसरी बैंकिंग धोखाधड़ी के खिलाफ आरबीआई के अभियान का स्टार चेहरा रहे हैं।
वर्चुअल करेंसी के लिए भारत की अपनी योजना से अलग भारतीय रिजवर्व बैंक क्रिप्टोकरेंसी की आलोचना करता है और उन पर प्रतिबंध लगाने की बात करता है। ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक वीकेंड पर अधिकारियों ने अमिताभ बच्चन से मुलाकात की थी और उनके सामने अपनी चिंताओं को उठाया था। जिसके बाद बिग बी ने कहा कि वह कॉइनडीसीएक्स के साथ अपने संबंधों पर विचार करेंगे। हालांकि इसी खबर में ये कहा गया है कि अमिताभ बच्चन और कॉइनडीसीएक्स से बात करने की कोशिश की गई लेकिन कोई जवाब नहीं आया।












Click it and Unblock the Notifications