Bank Hidden Charges: अब ऐसे पता चलेगा की बैंक ने आप पर कौन कौन से चार्जेज लगाए हैं
नई दिल्ली। आज के समय में देश के अधिकतर लोगों के पास बैंक खाता है। सरकार की तरफ से शुरू की गई जन धन योजना का भी उद्देश्य यही है कि देश के सभी लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा जाए। बैंकों की तरफ से कुछ सेवाओं को पैसे लिए जाते हैं और कुछ सेवाएं मुफ्त दी जाती हैं। क्या वाकई में बैंक कुछ सेवाएं मुफ्त देता है? इसका जवाब है कि कुछ बैंक कुछ सेवाएं मुफ्त में देते हैं, लेकिन बहुत से ऐसे बैंक हैं जो अपनी सेवाओं के पैसे चार्ज करते हैं। अधिकतर ग्राहकों को यह पता भी नहीं चलता कि बैंक की तरफ से उन पर कोई चार्ज लगाया जा रहा है और वह लगातार पैसे देते रहते हैं। आइए जानते हैं इन Bank Hidden Charges के बारे में।

बैंक खाते के लिए पैसे
बहुत से बैंकों में खाता खुलवाने का भी चार्ज देना होता है। कई ऐसे भी बैंक हैं जो मुफ्त में खाता खोलने की सुविधा देते हैं। हालांकि, मुफ्त सेवा के पीछे उनका फायदा कैसे होता है ये भी जानना जरूरी है। दरअसल, अधिकतर बैंक अपने ग्राहकों से मिनिमम बैलेंस रखने की शर्त रखते हैं। यह मिनिमम बैलेंस 500 रुपए से 10,000 रुपए तक हो सकता है। मिनिमम बैलेंस न रखने पर आपको जुर्माना चुकाना होता है, जिससे भी बैंक कमाई करते हैं।

एटीएम कार्ड का चार्ज
यूं तो अधिकतर बैंक एटीएम कार्ड देने का कोई चार्ज नहीं लगाते हैं, लेकिन अधिकतर बैंक एटीएम कार्ड की सालाना फीस जरूर वसूल करते हैं। यह फीस अलग-अलग बैंकों के लिए अलग-अलग हो सकती है। फीस कितनी होगी यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आपने किस बैंक में खाता खुलवाया है।

एसएमएस अलर्ट
अगर आपको लगता है कि बैंक की तरफ से आपके खाते में पैसे जमा होने, पैसे कटने आदि के जो मैसेज आते हैं, वह मुफ्त सेवा है तो जरा रुकिए। बैंक आपको एसएमएस भेजने के लिए भी पैसे चार्ज करता है। अगर आप अपने बैंक की स्टेटमेंट को लगातार देखेंगे तो आपको यह बात समझ आ जाएगी कि आपके खाते पर कौन-कौन से हिडन चार्ज लग रहे हैं।

बैंक स्टेटमेंट
यूं तो बैंकों की तरफ से हर ग्राहक को स्टेटमेंट भेजी जाती है, लेकिन अगर आप अपने स्टेटमेंट की कोई कॉपी निकलवाना चाहें तो कई बैंक
इसके लिए पैसे वसूल करते हैं। हालांकि, आजकल अधिकतर बैंक सॉफ्टकॉपी यानी ईमेल पर बैंक स्टेटमेंट भेजते हैं, ऐसे में डुप्लिकेट स्टेटमेंट की जरूरत बहुत ही कम पड़ती है।

चेकबुक
बैंकों की तरफ ग्राहकों को चेकबुक एक निश्चित समय के लिए मुफ्त में दी जाती है, लेकिन अगर एक नियत अवधि में एक से अधिक चेकबुक ऑर्डर करते हैं तो इसके लिए आपको बैंकों को पैसे चुकाने होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications