सर्जिकल स्ट्राइक: सेंसक्स 550 अंक गिरा, कराची का बाजार धड़ाम
मुंबई। भारत की तरफ से पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने के बाद आज भारत के डीजीएमओ रणबीर सिंह ने एक संयुक्त कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि उन्होंने पाकिस्तान को तगड़ा झटका दिया है।
भारत की ओर से पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक से सिर्फ पाक को ही नहीं बल्कि भारत के शेयर बाजार को भी तगड़ा झटका लगा है। जैसे ही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की पुष्टि की गई, शेयर मार्केट में तगड़ी गिरावट देखने को मिली है।
सेंसेक्स
सेंसेक्स में करीब 12.45 बजे तक करीब 550 अंकों की गिरावट देखी गई। इस गिरावट के साथ सेंसेक्स 28000 से भी नीचे पहुंच गया। शाम को सेंसेक्स 465 अंकों की गिरावट के साथ 27,827 के स्तर पर बंद हुआ।
निफ्टी
निफ्टी में भी तगड़ी गिरावट देखने को मिली। इस बयान के बाद निफ्टी 8600 के स्तर से गिरकर 8558 के स्तर तक पहुंच गया। शाम को निफ्टी 153 अंकों की गिरावट के साथ 8,591 के स्तर पर बंद हुआ।
कराची का शेयर बाजार भी गिरा औंधे मुंह
सर्जिकल स्ट्राइक के इस बयान के बाद न केवल भारत का शेयर बाजार गिरा है, बल्कि पाकिस्तान के कराची का शेयर मार्केट भी औंधे मुंह गिर गया है।
रुपया हुआ कमजोर
सर्जिकल स्ट्राइक की खबरों के चलते रुपए में भी कमजोरी आई है। सुबह के समय रुपया डॉलर के मुकाबले 66.43 रुपए के स्तर पर खुला, लेकिन शाम को 66.90 पर बंद हुआ। रुपए में कमजोरी निर्यातकों और बैंकों द्वारा लगातार अमेरिकन करंसी को बेचने की वजह से आई है।