2000 का नोट बदलने आए ग्राहकों को पानी और छाया उपलब्ध कराएं बैंक, RBI ने जारी की गाइडलाइन
2000 के नोट बदलने की प्रक्रिया मंगलवार से देश के सभी बैंकों में शुरू हो जाएगी। इससे पहले आरबीआई ने बैंकों को इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

रिजर्व बैंक इंडिया (आरबीआई) ने देश की सभी बैंकों को 2000 रुपए के नोट बदलने या जमा करने के लिए एक गाइडलाइन जारी की है। आरबीआई ने निर्देश दिए हैं कि, बैंकें नोट बदलने या जमा करने का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए छांव और पीने के पानी का इंतजाम करे।
आरबीआई ने सोमवार को एक नोटिफिकेशन में कहा, 'बैंकों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी के मौसम को देखते हुए शाखाओं में उचित इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे छायादार वेटिंग स्पेस, पीने के पानी की सुविधा आदि मुहैया कराएं।
आरबीआई ने बैंकों से आम जनता को काउंटर पर नोट बदलने की सुविधा सामान्य तरीके से उपलब्ध कराने को कहा, जैसा कि पहले दिया जा रहा था। इसके अलावा बैंकों को कितने नोट बदले गए और कितने जमा किए गए इसका रोजाना हिसाब रखने के लिए भी कहा गया है।
दरअसल 2016 में नोटबंदी के दौरान बैंकों से नोट बदलने के लिए लाइन में प्रतीक्षा करते हुए कई ग्राहकों के मरने की खबरें सामने आई थीं। आरबीआई द्वारा शुक्रवार को 2000 रुपये के नोटों को वापस लेने की घोषणा के बाद नोट लीगल टेंडर हैं यानि इस ये प्रयोग में लाए जा सकते हैं।
वहीं आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा, 'जो भी परेशानी आएगी, उसे हम दूर करेंगे। हम भी बैंकों के जरिए इस प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। चिंता वाली कोई बात नहीं है। करेंसी मैनेजमेंट ऑपरेशन के तहत ही हमने 2000 के नोट सर्कुलेशन हटाने का काम शुरू किया है।
शक्तिकांत दास ने कहा कि लोग नोट बदलने के लिए बैंकों में भीड़ ना लगाएं। हमने 4 महीने का समय दिया है। आप आराम से नोट बदलिए, लेकिन समय सीमा को गंभीरता से लीजिए। नोट बदलने के लिए किसी ID की जरूरत नहीं है। कोई फॉर्म भी नहीं भरना होगा। एक बार में 10 नोट बदले जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications