PM Kisan Samman Nidhi: लाखों किसानों को अब भी पैसों का इंतजार! सरकार ने बताया क्यों रोकी 20वीं किस्त
PM kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त को जारी हो चुकी है। देशभर के 9.7 करोड़ से ज्यादा पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल चुका है। कुल मिलाकर ₹20,500 करोड़ की राशि किसानों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की गई है, लेकिन अभी भी कुछ किसान ऐसे हैं जिनके खाते में 20वीं किस्त के पैसे नहीं भेजे गए हैं। ऐसे किसानों के लिए एक बड़ा अपडेट है।
उत्तर प्रदेश के किसानों की बात करें तो यूपी कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 20वीं किस्त के लिए 2.43 करोड़ से ज्यादा किसानों की लिस्ट तैयार की गई थी। हालांकि, पैसा 2.29 लाख किसानों के अकाउंट में ही ट्रांसफर किया गया। जिन किसानों के अकाउंट में पैसे नहीं भेजे है उनकी डिटेल जांच के दायरे में है।

यूपी में करीब 14 लाख 27 हजार 034 किसान अपात्र पाए गए और उनकी किस्त रोक दी गई है। लेकिन डरने की बात नहीं है, क्योंकि ये पैसा अस्थायी तौर पर रोका गया है। जैसे ही वेरिफिकेशन पूरा होगा पात्रता के आधार पर बचे हुए किसानों के खातों में 20वीं किस्त का पैसा भेज दिया जाएगा।
सरकार ने बताया क्यों रोकी 20वीं किस्त?
- ऐसे किसान जिन्होंने 01-02-2019 के बाद जमीन खरीदी है, वे फिलहाल पात्र नहीं हैं।
- एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्य (जैसे पति-पत्नी, वयस्क सदस्य और नाबालिग) लाभ ले रहे हैं, तो भुगतान रोका गया है।
- ऐसे मामलों में लाभ अस्थायी रूप से रोककर फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है।
- किसान अपनी पात्रता की स्थिति PM-KISAN वेबसाइट/मोबाइल ऐप या किसान ई-मित्र चैटबॉट (eMitra chatbot) पर चेक कर सकते हैं।
कैसे पता करें किस्त आई के नहीं?
अगर पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त का पैसा आपके बैंक खाते में ट्रांसफर होता है, तो सामान्यत इसका मैसेज आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आ जाता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पैसा खाते में आ चुका होता है, लेकिन मैसेज नहीं आता। ऐसे में किसान भ्रम में रहते हैं कि भुगतान हुआ या नहीं। नीचे हम आपको बता रहे हैं कि आप स्टेप बाय स्टेप तरीके से कैसे चेक कर सकते हैं कि पैसा आया है या नहीं।
- सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: https://pmkisan.gov.in
- वेबसाइट के Farmer Corner सेक्शन में जाएं और वहां Beneficiary Status ऑप्शन पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलने पर आपसे कोई एक जानकारी मांगी जाएगी - आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक खाता नंबर।
- मांगी गई जानकारी भरकर 'Get Data' पर क्लिक करें।
कैसे पता चलेगा कि पैसा ट्रांसफर हुआ है?
अगर e-KYC, Land Seeding, और Aadhaar-Bank Seeding के सामने YES लिखा हुआ है, तो इसका मतलब है कि आपका खाता पूरी तरह वैध है और पैसा ट्रांसफर हुआ है या जल्दी ही होगा। ध्यान रहे, सभी किसानों के खाते में एक साथ पैसा नहीं आता। किसी को तुरंत पैसा मिल जाता है, तो किसी को कुछ घंटे या अगले दिन।
बैंक ब्रांच में जाकर भी कर सकते हैं पता
अगर आप सुनिश्चित करना चाहते हैं कि पैसा आपके खाते में आया है या नहीं, तो आप अपनी बैंक ब्रांच में जाकर बैंक स्टेटमेंट या पासबुक एंट्री जरूर चेक करें। इस आसान प्रक्रिया से आप खुद जान सकते हैं कि सम्मान निधि की 20वीं किस्त आपके खाते में जमा हुई या नहीं।
PM Kisan Samman Nidhi योजना के पात्र कौन हैं?
- जिनके पास खुद की खेती वाली जमीन है।
- जमीन का रिकॉर्ड सरकार के पास सही होना चाहिए।
- किसान भारत का नागरिक होना चाहिए।
- छोटे और सीमांत किसान भी पात्र हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरुआत कब हुई?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की शुरुआत 2 फरवरी 2019 को की गई थी। इस योजना के तहत देश के सभी पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में ₹2,000-₹2,000 करके चार-चार महीने के अंतराल पर दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications