सोना हुआ सस्ता, चांदी में भी गिरावट, जानिए आज का भाव
नई दिल्ली। सोने के दाम में गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना करीब 30 रुपये गिरकर 30,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें तो इसमें भी गिरावट का रुख रहा। सोमवार को चांदी की कीमत 25 रुपये गिरकर 39,200 प्रति किलोग्राम पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों और स्थानीय सर्राफा कारोबारियों की मांग घटने की वजह से सोने के दाम में गिरावट आई है।

सोने की कीमतों में 30 रुपये की गिरावट
राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को 99.9% शुद्धता वाले सोने के दाम 30,750 रुपये प्रति 10 ग्राम और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 30,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इससे पहले शनिवार को सोने के दाम में 40 रुपये की बढ़त देखने को मिली थी। सोने के दाम में गिरावट के पीछे कमजोर वैश्विक संकेत हैं। गिन्नी के भाव 100 रुपए टूटकर 24,600 रुपए प्रति आठ ग्राम रह गए।

चांदी भी 25 रुपये सस्ता
चांदी के दाम की बात करें तो सोमवार को इसमें भी गिरावट का दौर देखने मिला। करीब 25 रुपये गिरकर 39,200 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गए। दूसरी मुद्राओं की तुलना में इस बार डॉलर में मजबूती देखने को मिली है। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से सोने पर दबाव रहा।

गिरावट की ये है वजह
वैश्विक स्तर सिंगापुर में सोना 0.28 फीसदी के नुकसान से 1,219.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.52 फीसदी के नुकसान से 15.39 डॉलर प्रति औंस रह गई। इसके अलावा स्थानीय सर्राफा कारोबारियों और फुटकर विक्रेताओं की मांग घटने से भी सोने की कीमतों पर असर पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications