देश में लाखों लोगों को रोजगार देगा सोना, अब हर ब्लॉक में खुलेंगे हॉलमार्क केंद्र, ऐसे करें आवेदन
नई दिल्ली: सोने की कीमतें इस साल काफी बढ़ी हैं। जिस वजह से अब लोग बैंकों में पैसा रखने के बजाए सोने पर उसका निवेश करना ज्यादा अच्छा समझ रहे हैं, ताकी भविष्य में उनको लाभ हो। सरकार भी सोने की हॉलमार्किंग को लेकर गंभीर है, जिस वजह से एक बड़ा फैसला लिया गया है। देश के हर ब्लॉक में अब एक एसेयिंग और हॉलमार्किंग केन्द्र खोले जाएंगे। इसका पूरा खाका तैयार कर लिया गया है।
Recommended Video

अभी तक हैं सिर्फ 921 केंद्र
उपभोक्ता एवं खाद्य मंत्री रामविलास पासवान के मुताबिक सरकार अगले कुछ सालों में देश के हर ब्लॉक में हॉलमार्किंग सेंटर खोलेगी। अभी देश के 234 जिलों में 921 एसेयिंग एवं हॉलमार्किंग केंद्र खोले जा चुके हैं। अब धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे पहले मोदी सरकार ने ज्वेलर्स को पुराने स्टॉक को बेचने के लिए एक साल का वक्त दिया था। बाद में इसे बढ़ाकर जून 2021 कर दिया गया था। इसके साथ ही देश में अब 14, 18 और 22 कैरेट सोने में हॉलमार्किंग अनिवार्य हो जाएगी।

कैसे करें अप्लाई?
इन हॉलमार्क सेंटरों को खोलने का मकसद लाखों लोगों को रोजगार भी देना है। रामविलास पासवान के मुताबिक जो भी लोग अपने इलाके में हॉलमार्किंग सेंटर खोलना चाहते हैं, वो www.manakonline.in पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। पासवान ने शुक्रवार को ज्वेलर्स और शुद्धता की जांच के लिए सह हॉलमार्किंग केंद्रों के Online Registration के लिए एक नया मॉड्यूल लॉन्च किया था। इसमें ज्वेलर्स भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इससे सोने की खरीद और बिक्री दोनो सुगम हो जाएगी।

क्यों पड़ी ऑनलाइन सिस्टम की जरूरत?
रामविलास पासवान के मुताबिक अभी तक 31000 ज्वेलर्स देशभर में पंजीकृत हैं। अब जब सरकार हॉलमार्किंग अनिवार्य कर रही है, तो इसका पंजीकरण करवाने वालों की संख्या 5 लाख को पार कर सकती है। इतने आवेदनों को मैनुअली नहीं हैंडल किया जा सकता है। जिसके लिए एक ऑनलाइन सिस्टम की जरूरत थी। जिसको शुरू कर दिया गया है। अब ज्वेलर्स पंजीकरण के अलावा शुल्क भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

सोने के दाम पर वैक्सीन का असर?
अगस्त में जहां सोना अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा तो वहीं अब सोना गिरने लगा है। जैसे ही रूस की ओर से कोरोना वैक्सीन की घोषणा की गई, सोने की कीमत में गिरावट आने लगी। सोने के साथ-साथ चांदी के भाव भी गिरने लगे हैं। पिछले दो हफ्तों से सोना लगातार सस्ता हो रहा है। कोरोना वैक्सीन के साथ-साथ डॉलर में हुए सुधार का असर सोने की कीमत पर देखने को मिला और सोने की कीमतों में इस हफ्ते उतार-चढ़ाव आया।

अगस्त में क्या रहा सोने का हाल?
सोने की कीमत अगस्त महीने में 4281 रुपये तक नीचे गिरी है। अगस्त 2020 में अब तक सोने की स्थिति पर एक नजर डालें तो सोना 3 अगस्त को सोना 53952 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जबकि 7 अगस्त को सोना अगस्त महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा गया और सोने की कीमत 56254 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, लेकिन इसके बाद सोने में गिरावट का दौर भी शुरु हो गया। 21 अगस्त को सोने की कीमत गिरकर 51973 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications