क्रिप्टोकरेंसी बाजार में फिर से गिरावट, Bitcoin 45000 डॉलर पर पहुंची
नई दिल्ली, 17 अगस्त। बुधवार को क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने मिश्रित कारोबार किया है। इस दौरान प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी के दामों में गिरावट आई है। इस गिरावट की प्रमुख वजह मुनाफा वसूली की गतिविधियां हैं जिनमें पिछले 24 घंटे के दौरान तेजी आई है। इसके चलते कीमतों में भारी गिरावट आई है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन के साथ ही दूसरी प्रमुख वर्चुअल करेंसी भी नीचे आई है।

बिटकॉइन बुधवार दोपहर 1 बजे के करीब 45,000 डॉलर के आस-पास कारोबार कर रही थी जो कि दिन भर में 1.4 प्रतिशत नीचे है। खास बात यह है कि दो दिन पहले बिटकॉइन 48,000 डॉलर को छूने वाली थी और उम्मीद जताई जा रही थी कि यह 50,000 डॉलर का आंकड़ा छू लेगी लेकिन इसने उल्टी रफ्तार पकड़ ली। बिटकॉइन के मार्केट कैप में भी पिछले दिन के मुकाबले 32 अरब डॉलर की गिरावट आई है और यह 848 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
ईथर में भी गिरावट
दुनिया की दूसरी सबसे लोकप्रिय और बिटकॉइन के बाद सबसे ज्यादा मार्केट कैप वाली ईथर के दाम 3 प्रतिशत तक गिर गए और यह 3000 डॉलर पर कारोबार कर रही है। कुछ दिन पहले ही ईथर ने 3400 डॉलर के आंकड़े को पार किया था।
कीमतें गिरने के साथ ही ईथर के बाजार मूल्य में भी गिरावट आई है और इसका मार्केट कैप घटकर 357 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
दूसरी क्रिप्टो भी आईं नीचे
ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी बाजार में भी गिरावट देखी गई है। कॉइनमार्केट कैप के मुताबिक बुधवार सुबह ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप पिछले दिन के मुकाबले 3 प्रतिशत घटकर 1.98 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है।
बिटकॉइन और ईथर के साथ ही एक्सआरपी, कार्डानो, लाइटकॉइन, डोजकॉइन और पोलकाडॉट व यूनिस्वैप समेत दूसरी क्रिप्टोकरेंसी में भी 2 से 9 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। क्रिप्टो रणनीतिकारों ने कारोबारियों को सावधानी से आगे बढ़ने की सलाह दी है क्योंकि क्रिप्टोकरेंसी बाजार के अगले 24 घंटे तक दबाव में रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications