आनंद महिंद्रा को भाया इस स्टार्टअप का आइडिया, बोले- हर हाल में निवेश करना चाहता हूं
आनंद महिंद्रा ने अपने ट्विटर पर एक स्टार्टअप की कहानी शेयर की है, साथ ही उन्होंने इस बात का दुख भी जताया है कि उनकी नजर से एक बढ़िया आइडिया वाला स्टार्टअप चूक गया।
नई दिल्ली, 17 नवंबर। जाने माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उनकी खासियत ये है कि वह सिर्फ अपने बिजनेस को प्रमोट नहीं करते बल्कि नई तकनीक और नई सोच के साथ काम कर रहे युवाओं और स्टार्ट-अप को भी वह प्रमोट करते हैं और उनका उत्साह भी बढ़ाते हैं।
हाल ही में आनंद महिंद्रा ने अपने ट्विटर पर ऐसे ही एक स्टार्टअप की कहानी शेयर की है, साथ ही उन्होंने इस बात का दुख भी जताया है कि उनकी नजर से एक बढ़िया आइडिया वाला स्टार्टअप चूक गया। इस स्टार्टअप का आइडिया उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने इसमें निवेश की भी योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिले तो वे इसमें निवेश करना चाहेंगे।

प्लास्टिक कचरे से जूते बना रही 'थैली'
अब आपको बताते हैं इस स्टार्टअप के बारे में। दरअस्ल इस स्टार्टअप का नाम है 'थैली' और इसे एक 23 साल के युवा उद्यमी आशय भावे ने शुरू किया है। थैली कंपनी जैसा की नाम से जाहिर है प्लास्टिक की बोतलों और थैलियों से स्नीकर जूते बनाती है। आशय को स्कूल में पढ़ाई के दौरान इसका विचार आया था जिसे उन्होंने जुलाई 2021 में हकीकत में बदला और आज वह इससे अच्छा खासा मुनाफा कमा रहे हैं।
लोगों को खूब पसंद आ रहे थैली के जूते
कंपनी के बनाए प्लास्टिक के जूते मार्केट में खूब बिक रहे हैं। कंपनी के अनुसार एक जोड़ी जूते 10 प्लास्टिक की थैलियों और 12 प्लास्टिक की बोतलों से बनाए जाते हैं। इतना ही नहीं जूते के सोल से लेकर फीते तक सब कुछ प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल करके ही बनाया जाता है। इसके अलावा कंपनी जिस डिब्बे में इन्हें बेचती है उनमें पौधों के बीज रखकर भेजती है ताकि लोग अपने घर में गमलों में पौधे उगा सकें। कुल मिलाकर कंपनी लाखों टन प्लास्टिक कचरे की खपत कर जूते बना रही है, जिससे पर्यावरण की रक्षा हो रही है।
यह भी पढ़ें: मैंने सलमान से कहा था कि वो इस फिल्म में काम न करें, नेपोटिज्म को लेकर सवाल उठेंगे- फिल्म 'Antim' को लेकर आयुष
काफी उज्ज्वल है कंपनी का भविष्य- महिंद्रा
कंपनी के बिजनेस और इसके भविष्य को लेकर आनंद महिंद्रा काफी आशान्वित हैं। वहीं उन्हें इस बात का मलाल भी है कि अभी तक उन्हें इस स्टार्टअप के बारे में कैसे पता नहीं चला। अनंद महिंद्रा कहते हैं कि हमें इस स्टार्टअप की तारीफ करनी चाहिए। मैं अब इस कंपनी के जूते खरीदने जा रहा हूं। कोई मुझे बता सकता है कि इन्हें कैसे खरीदा जा सकता है। मैं यह कहना चाहता हूं कि जब भी इस कंपनी के फाउंडर को पैसे जुटाने हों, मैं पूरी तरह से तैयार हूं।
आप ऐसे खरीद सकते हैं प्लास्टिक से बने थैली कंपनी के जूते
अगर आप भी थैली कंपनी के प्लास्टिक से बने जूते खरीदना चाहते हैं तो कंपनी की वेबसाइट https://thaely.com/ पर जा सकते हैं। वहीं यदि आप दो जोड़ी जूते खरीदते हैं तो आपको शिपिंग चार्ज भी नहीं देना होगा। वहीं इस्तेमाल के बाद आप इन्हें कंपनी को दोबारा वापस कर सकते हो, ऐसा करने पर कंपनी आपको डिस्काउंट भी देती है।












Click it and Unblock the Notifications