शेयर बाजार में गिरावट की वजह अमेरिका, जानिए मार्केट की रफ्तार पर कैसे लगाई ब्रेक
नई दिल्ली। शेयर बाजार में लगातार 10 दिनों की तेजी के बाद आज (15 अक्टूबर) जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई। 41 हजार के आंकड़े की ओर बढ़ रहे सेंसेक्स में आज करीब 1065 अंक की गिरावट दर्ज कई गई। शेयर बाजार में आए इस भूचाल ने एक ही झटके में निवेशकों के 300000 करोड़ डूबा दिए। गुरुवार को निफ्टी में भी 300 अंकों के करीब गिरावट आई, नए आंकड़ों के मुताबिक निफ्टी 11660 के स्तर पर पहुंच चुकी है। शेयर बाजार में आई इस गिरावट की एक वजह कमजोर वैश्विक संकेत को बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सेंसेक्स के सबसे अधिक फाइनेंस शेयर्स के टूटने से झटका लगा है। गुरुवार को बजाज फाइनेंस के शेयर 4.68 फीसदी तक टूट गए। इसके बाद टेक महिन्द्रा के शेयरों में भी 4.32 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इनके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजी, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, कोटक महिन्द्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
बाजार की तेजी पर लगे ब्रेक की वजह
शेयर बाजार में गिरावट की एक वजह अमेरिका से आने वाली राहत पैकेज में देरी को बताया जा रहा है। कोरोना संकट से जूझ रहे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बड़ी रकम की मदद मिलने वाली है जिसका असर दुनियाभर में देखने को मिलेगा। इस बीच बुधवार को अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी (वित्त मंत्री) का एक बड़ा बयान आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव से पहले राहत पैकेज देना मुमकिन नहीं है।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में मचा कोहराम, सेंसेक्स 900 अंक टूटा, झटके में डूबे निवेशकों के 3,00,000 करोड़
ट्रेजरी सेक्रेटरी के इस ऐलान की वजह से बाजार में दवाब की स्थिति बनी हुई है और बाजार गिरावट की ओर बढ़ रहा है। अमेरिकी बाजार में जारी दवाब का असर आज एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला और एसजीएक्स निफ्टी , निक्केई,स्ट्रेट टाइम्स ,हैंगसेंग ,ताइवान वेटेड, कोस्पी ,शंघाई कंपोजिट आदि गिरावट के साथ खुले। इसके अलावा एक वजह यूरोप में कोरोना वायरस मामलों में आई तेजी भी है, कोविड-19 के चलते गुरुवार को यूरोपीय शेयर गिरकर 2 सप्ताह के निचले स्तर के करीब पहुंच गया। वहीं एक अन्य कारण चीन और अमेरिका के बीच चल रही तनाव की स्थिति भी है, जिसे सेंटिमेंट कमजोर हुआ।












Click it and Unblock the Notifications