तेलंगाना के बाद दो अन्य राज्यों ने भी एलन मस्क को दिया टेस्ला की फैक्ट्री लगाने का ऑफर
नई दिल्ली, 16 जनवरी: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक एलन मस्क की कंपनी टेस्ला दुनियाभर में छा गई है। उसके इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री तेजी से सारे रिकॉर्ड तोड़ रही। भारत में भी टेस्ला अपनी कार बेचना चाहती है, लेकिन सरकार ने साफ कर दिया था कि अगर वो यहां उत्पादन करेगी तो ही उसको टैक्स में छूट दी जाएगी। अब देश के कई राज्य टेस्ला को अपने यहां संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। जिसमें तेलंगाना, बंगाल और महाराष्ट्र का नाम शामिल है।

तेलंगाना के बाद रविवार को महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल ने ट्वीट कर लिखा कि महाराष्ट्र भारत में इलेक्ट्रिक कारों के निर्माण के लिए टेस्ला प्रोडक्शन प्लांट स्थापित करने का स्थान हो सकता है। हम कंपनी को सभी सुविधाएं प्रदान करेंगे और उन्हें आमंत्रित करते हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सरकार ने भी टेस्ला को राज्य में अपना कार निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया है। बंगाल के मंत्री मोहम्मद गुलाम रब्बानी ने शनिवार को एलन मस्क के एक ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि हमारे राज्य में आइए, यहां पर अच्छा बुनियादी ढांचा और बेहतरीन नेता (ममता बनर्जी) हैं। बंगाल का मतलब ही है बिजनेस। इससे पहले तेलंगाना ने मस्क को इसी तरह का ऑफर दिया था।
मस्क के ट्वीट के बाद मिला ऑफर
दरअसल लंबे वक्त से खबर आ रही है कि टेस्ला अपनी कार भारत में भी लॉन्च कर सकती है, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई सही अपडेट नहीं मिल पाया। इस पर एक शख्स ने मस्क को टैग कर ट्विटर पर पूछा कि भारत में टेस्ला कब लॉन्च होगी? वो बहुत ही बढ़िया कार है, दुनिया के हर कोने में रहने लायक। इस पर मस्क ने कमेंट करते हुए लिखा कि इस दिशा में सरकार के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन इसमें काफी चुनौतियां हैं।












Click it and Unblock the Notifications