फ्लाइट में महिला ने बिल्ली के बच्चे को करवाया स्तनपान, नवजात समझ बाकी यात्री खा गए धोखा
फ्लाइट अटेंडेंट आइंस्ले एलिजाबेथ घटना के वक्त प्लेन में ही थीं। उन्होंने बताया कि महिला ने बिल्ली को कंबल में लपेट रखा था। बिल्ली के बाल नहीं थे, जिस वजह से वो बिल्कुल नवजात की तरह लग रही थी।
हाल ही में डेल्टा एयरलाइन्स में एक हैरान कर देने वाली घटना घटी, जिसमें एक महिला ने फ्लाइट के अंदर ही अपनी बिल्ली को स्तनपान करवाना शुरू कर दिया। विमान हवा में था, जिस वजह से तुरंत फ्लाइट अटेंडेंट ने उनको ऐसा करने से रोक दिया। इस घटना की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। इससे जुड़ी एक फोटो भी ट्विटर पर पोस्ट की गई, जो तेजी से वायरल हुई। (तस्वीरें-प्रतीकात्मक)

पिंजरे में थी बिल्ली
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक महिला ने डेल्टा एयरलाइन्स के विमान से उड़ान भरी। वो न्यूयॉर्क से अटलांटा जा रही थीं। उनके साथ बिल्ली भी थी, जिसे पिंजरे में रखा गया। जब विमान हवा में पहुंचा तो महिला ने पिंजरे से बिल्ली को निकाल लिया और उसे स्तनपान करवाना शुरू कर दिया। उनकी बिल्ली के बाल नहीं थे, जिस वजह से लोगों को शुरू में लगा कि वो बच्चा है, लेकिन कुछ देर बाद पोल खुल गई।

भेजा गया स्पेशल मैसेज
विमान कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि अटलांटा में डेल्टा क्रू को सतर्क करने के लिए एयरक्राफ्ट कम्युनिकेशंस एड्रेसिंग एंड रिपोर्टिंग सिस्टम (एसीएआरएस) के माध्यम से एक संदेश भेजा गया था। जिसमें बताया गया कि सीट 13A पर एक महिला यात्री बिल्ली के बच्चे को स्तनपान करवा रही है। ऐसे में फ्लाइट अटेंडेंट तुरंत उसके पास जाएं और उसे बिल्ली को पिंजरे में रखने को कहें। फ्लाइट अटेंडेंट ने इस आदेश का पालन किया, लेकिन महिला ने बच्चे को पिंजरे में बंद करने से इनकार कर दिया। हालांकि रिपोर्ट में ये नहीं बताया गया कि महिला और उसकी बिल्ली के साथ लैंडिंग के बाद क्या हुआ।

शर्ट को कर दिया था ऊपर
न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाइट अटेंडेंट आइंस्ले एलिजाबेथ घटना के वक्त प्लेन में ही थीं। उन्होंने बताया कि महिला ने बिल्ली को कंबल में लपेट रखा था। बिल्ली के बाल नहीं थे, जिस वजह से वो बिल्कुल नवजात की तरह लग रही थी। बाद में उन्होंने शर्ट ऊपर करके उसे स्तनपान करवाने की कोशिश की, लेकिन बिल्ली उससे बच रही थी। जब महिला ने जबरदस्ती की तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया।

लैडिंग के बाद पकड़ने को कहा
उन्होंने आगे कहा कि एसीएआरएस संदेश भेजने वाले डेल्टा कर्मचारी ने ये भी अनुरोध किया कि डेल्टा की रेड कोट टीम लैडिंग के बाद महिला को पकड़ ले। रेड कोट एलाइट एयरपोर्ट ग्राहक सेवा विशेषज्ञ हैं, जो लाल रंग के खास कोट में नजर आते हैं। साथ ही उनको ऐसे यात्रियों को हैंडल करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।

क्या है स्तनपान की गाइडलाइन?
एक विशेषज्ञ ने बताया कि एयरलाइन में बच्चों को स्तनपान करवाने की पूरी छूट रहती है। इसके लिए एयरपोर्ट पर स्तनपान कक्ष भी बने रहते हैं, लेकिन महिला बिल्ली के बच्चे को स्तनपान करवाने की कोशिश कर रही थी। जिस वजह से मामला गंभीर हो गया। वहीं डेल्टा एयरलाइन्स छोटे कुत्ते, बिल्लियों, घरेलू पक्षियों आदि को घरेलू उड़ानों में अनुमति देता है। इसके लिए छोटे हवादार पिंजरे भी उपलब्ध करवाए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications