भक्त ने धारदार ब्लेड से काटी जीभ, फिर मां दुर्गा के चरणों में चढ़ा दी
लखनऊ। पौराणिक कहानियों में ध्यानु नाम के एक भक्त का जिक्र हमेशा सुनने को मिलता है। ध्यानु मां ज्वाला का परम भक्त था और अपनी भक्ति का यकीन दिलाने के लिए उसने मां को अपना सिर समर्पित कर दिया था। ध्यानु की भक्ति से प्रसन्न होकर मां ने उसे साक्षात दर्शन गिए थे और उसका सिर भी वापस जोड़ दिया था। हाल ही में ऐसा ही एक घटना देखने को मिली है। एक भक्त ने मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए उन्हें अपनी जीभ चढ़ाई दी। ये चौंकाने वाली घटना लखनऊ के पास की है।


धारदार ब्लेड से काट दी जीभ
लखनऊ के जानकीपुरम के पास मड़ियांव के दुर्गा मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंदिर में पूजा करने आए लोगों ने फर्श पर खूब सारा खून पड़ा देखा। मंदिर में सुबह ब्रजेश जब पहुंचा तो वहां मां की आरती हो रही थी। आरती समाप्त होते ही ब्रजेश ने धारदार ब्लेड से अपनी जीभ काट दी और मां के सामने रख दी। जीभ कटने के तुरंत बाद ब्रजेश बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।

भजन-कीर्तन शुरू किया
मंदिर में ये सब देख अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुजारी और श्रद्धालुओं ने तुरंत ब्रजेश के मामा को फोन किया जो उसी गांव में रहते हैं। मामा के आते ही सभी ने भजन-कीर्तन करना शुरू कर दिया। जीभ कटने की खबर आग की तरह फैल गई। पुलिस को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली वो तुरंत मंदिर पहुंची लेकिन लोगों ने पुलिस को ब्रजेश के नजदीक नहीं जाने दिया।

अंधविश्वास के आगे हारी पुलिस
पुलिस ने लोगों को काफी समझाया कि ब्रजेश को फौरन अस्पताल ले जाना पड़ेगा लेकिन लोगों ने एक नहीं सुनी। घंटों लोगों को समझाने के बाद पुलिस आखिरकार वापस लौट गई। लोगों का कहना था कि मां दुर्गा ब्रजेश की जीभ लगा देंगी।

पहले भी कई लोग चढ़ा चुके हैं जीभ
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक इससे पहले वहां कई लोग मां को अपनी जीभ चढ़ा चुके हैं। ब्रजेश के मामा ने भी कुछ सालों पहले मां को अपनी जीभ समर्पित की थी और अब वो एकदम ठीक हैं।












Click it and Unblock the Notifications