VIDEO: स्वामी का भक्त निकला तोता, सवाल पे सवाल पूछती रही पुलिस और चकमा देता रहा मिट्ठू
वायरल वीडियो में पुलिस जब शराब धंधेबाज के घर पहुंची, तो आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस को सिर्फ एक तोता मिला। लेकिन मजाल कि तोता अपने मालिक के खिलाफ मुंह खोलता।

Loyal Parrot: कहते हैं जानवर बेहद वफादार होते हैं। मजाल है कि अपने मालिक के प्रति बेईमानी दिखा दें। कुछ ऐसी ही वफादारी एक तोते ने उस वक्त दिखाई, जब मालिक की करतूतों के बारे में पूछने पर वो शांत रहा। जी हां! शराब धंधेबाज मालिक के बारे में पता लगाने के लिए जब पुलिस घर पर पहुंची, तो सिवाए एक तोते के पुलिस के हाथ कुछ ना लगा। लेकिन फिर भी पुलिस ने सोचा कि शायद तोते से ही कुछ उगलवा लिया जाए। लेकिन मजाल.. कि तोता अपने मालिक के खिलाफ मुंह खोल दे। अब अपने मालिक का भक्त बना ये तोता सुर्खियों में बना हुआ है।

छापेमारी करने पहुंची पुलिस
मामला है बिहार के गुरुआ थाना क्षेत्र का। जहां दारोगा कन्हैया कुमार पुलिस की टीम के साथ एक गांव में छापेमारी करने पहुंचे। शराब धंधेबाज को पकड़ने के लिए पुलिस अपनी पूरी तैयारी के साथ पहुंची, लेकिन उनके आने तक धंधेबाज अपने परिवार को लेकर वहां से भाग चुका था। मौके से शराबी के फरार हुआ, तो पुलिस को वहां से सिर्फ एक तोता मिला और वो भी पिंजरे में बंद।

अजनबी लोगों को देख चिल्लाने लगा तोता
अब तोते ने ऐसे बाहरी लोगों को देखा, तो वो जोर जोर से आवाज करने लगा। फिर जाकर पुलिस ने ध्यान दिया कि वहां एक तोता भी है। पुलिस को लगा कि शराबी तो फरार हो गया अब शायद ये तोता ही कुछ जानकारी दे दे। लेकिन ये तोता तो अपने मालिक का सच्चा भक्त निकला। वो शायद अपने मालिक और घरवालों की आवाज को पहचानता था। लेकिन तोता सिर्फ एक ही बात बोले जा रहा था- रुपु कटोरे कटोरे।
दारोगा ने किए सवाल जवाब और फिर...
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दारोगा साबह तोते से शराब धंधेबाजों का पता करने में लगे हुए हैं। वो पूछते हैं कि अमृत मल्लाह कहां गया? बार बार पूछने पर भी तोते ने कुछ नहीं कहा। वो चुप हो गया और उसने गर्दन झुका ली। इसके बाद पुलिस ने कहा कि अच्छा मिट्ठू अमृत मल्लाह कटोरे में शराब बनाता है। इतने में तोता कुछ भी नहीं बोला। वो पूरे समय सिर्फ रुपु कटोरे-कटोरे ही बोलता रहा।

मालिक का भक्त निकला मिट्ठू
पुलिस ने कहा कि तोते से बात करने के पीछे उनका मकसद था कि कुछ तो जानकारी हासिल हो सके। लेकिन तोता शायद सिर्फ अपने मालिक और उसके परिवार के लोगों की आवाज ही पहचानता था। ऐसे में कई बार पूछने के बाद भी उसने कुछ नहीं बोला। वो पुलिस को कोई भी जानकारी नहीं दे सका।












Click it and Unblock the Notifications