11 दिन में दूसरी बार दिखा रहस्यमयी जीव 'लॉच नेस मॉन्स्टर', सबूत के नाम पर सिर्फ एक धुंधली सी तस्वीर
नई दिल्ली, 8 अगस्त: वैज्ञानिकों के मुताबिक पृथ्वी के 70 प्रतिशत हिस्से में सिर्फ पानी है, जिसमें अरबों की संख्या में जीव रहते हैं। वैसे ज्यादातर प्रजातियों का पता इंसानों ने लगा लिया है, लेकिन बहुत से जीव अभी भी ऐसे हैं, जिनके बारे में कुछ भी पता नहीं। वक्त-वक्त पर लोग ऐसे जीवों को देखे जाने का दावा करते हैं, लेकिन वो क्या हैं, कहां से आते हैं इसका पता किसी को नहीं। इसी तरह का एक जीव है लॉच नेस मॉन्स्टर।

एक धुंधली सी तस्वीर
नाम से ही लॉच नेस मॉन्स्टर एक डरवाना जीव लगता है, लेकिन इसका रहस्य बहुत ही गहरा है। जिस वजह से अभी तक इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। जिन लोगों ने इसे देखने का दावा किया उनके पास ना तो कोई खास सबूत हैं और ना ही तस्वीर। हाल ही में एक फोटो सामने आई थी, लेकिन वो इतनी धुंधली थी कि उसमें इसकी सही पहचान नहीं की जा सकी।

इस साल 11 बार दिखा
साल 2021 में अब तक इसे 11 बार देखा गया है। हैरानी की बात तो है कि 9 बार सिर्फ एक ही शख्स ने इसे देखने का दावा किया, जिनका नाम कोलिन वैकॉक है, जो ब्रिटेन के लिवरपूल में रहते हैं। 55 वर्षीय वैकॉक डिलीवरी ड्राइवर थे, जो रिटायर हो चुके हैं। उनके मुताबिक अपनी दूरबीन से उन्होंने पानी में अजीबो-गरीब चीज को देखा। पहले तो लगा कुछ सामान तैर रहा, लेकिन बाद में पता चला कि वो जीव है। उसकी लंबाई 5 फीट और चौड़ाई भी 5 फीट के आसपास रही होगी। उन्होंने उसका एक स्केच बनाया, लेकिन बाद में वो अपनी बात से पलट गए। साथ ही उसकी ऊंचाई दो फीट और लंबाई 10-12 फीट के आसपास बताई।

बेटी थी साथ में मौजूद
वैकॉक ने 11 दिन के अंदर दो बार इस रहस्यमयी जीव को देखने का दावा किया। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को अपनी बेटी के साथ समुद्र में थे, वहां पर उन्होंने इसे देखा। इसके बाद 30 जुलाई को वो दोबारा दिखा। कुछ अन्य लोगों ने इसे देखने का दावा किया। सभी के बयान में एक बात कॉमन थी कि वो लॉच नेस मॉन्स्टर कुछ ही सेकंड के लिए दिखाई देता है। फिर वो पानी की गहराई में गायब हो जाता है।

4 अरब के आसपास कीमत
वहीं जब जीव वैज्ञानिकों से इस बारे में बात की गई, तो उन्होंने बताया कि लॉच नेस मॉन्स्टर देखने में डायनासोर जैसा हो सकता है। अभी तक इसकी कोई साफ तस्वीर या वीडियो नहीं मिला, जिस वजह से इस बारे में ज्यादा रिसर्च की जरूरत है। उनके मुताबिक इसकी कीमत 4 अरब रुपये (£41 मिलियन) के आसपास होगी। वहीं रिकॉर्डबुक के मुताबिक अभी तक इसे 1139 बार देखा गया है।

एक पहेली सुलझी
इससे पहले 2020 में लोच नेस की गहराई में रहने वाले एक रहस्यमयी जीव की फोटो को कैप्टन रोनाल्ड मैकेंजी ने कैद किया था। उस वक्त वो एक पर्यटक नाव पर सवार थे। फोटो लेने के लिए उन्होंने सोनार का इस्तेमाल किया। हालांकि वैज्ञानिकों का दावा है कि उन्होंने कैप्टन के दावों को सुलझा लिया है। वो रहस्यमयी जीव एक विशाल ईल हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications