राजस्थान बॉर्डर पर पहुंचे सेना प्रमुख एमएम नरवणे, महाजन फील्ड फायरिंग रेंज का दौरा भी किया
बीकानेर। भारतीय सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे बुधवार को राजस्थान बॉर्डर पर रहे। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से लगते दोनों राज्यों के जिलों में सेनाध्यक्ष ने सप्त शक्ति कमान के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कोरोना वायरस के कारण आर्थिक बाधाओं के मद्देनजर रक्षा बजट के तहत आवंटित राशि के अनुकूलन की सलाह दी और कहा कि राशि का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से युद्ध सम्बन्धी आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए।

उन्होंने उत्कृष्ट कार्यों को जारी रखने और प्रभावी ढंग से उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए बल संरक्षण सुनिश्चित करते हुए युद्ध तत्परता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए सभी रैंकों को प्रोत्साहित किया। सेना प्रमुख ने घोषणा की कि आईबीजी (एकीकृत युद्ध समूह) जल्द ही संचालित हो जाएंगे।
बता दें कि सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे मंगलवार को पंजाब से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों का हवाई दौरा करके बीकानेर के रणजीतपुरा पहुंचे थे। यहां सैनिक छावनी में विश्राम करने के बाद देश की सबसे बड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज का दौरा किया और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला और बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र के सामने सीमा पार पाकिस्तानी सेना के मूवमेंट से जुड़ा एक ट्वीट 9 मई को वायरल हुआ था। उसमें दावा किया जा रहा था कि पाकिस्तान सीमा में 20 किलोमीटर भीतर की तरफ 30 नए टैंक तैनात कर अस्थाई कैम्प बनाए गए हैं। पाकिस्तान आर्मी के टैंको के मूवमेंट के ट्वीट से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थी। यह वायरल होने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में किसी बड़े सैन्य अधिकारी का दौरा हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications