बिहार में महिलाओं को मिल रहा रोजगार, स्व-रोजगार से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी बन रही हैं आत्मनिर्भर
बिहार सरकार कई नयी योजनाएं चलाकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं यानी जीविका दीदियों को रोजगार मुहैया करा रही हैं ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। उन्हें भी आत्मसम्मान से जीने का अवसर मिले। आज जीविका से जुड़कर लाखों महिलाएं सम्मान के साथ अपना काम कर रही हैं। खासकर ग्रामीण परिवेश की महिलाएं स्व-रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

ग्रामीण आजीविका परियोजना के तहत जीविका दीदियों को स्व-रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में जीविका दीदियों को नियुक्त किया गया है। ये महिलाएं रोगियों को साफ-सफाई संबंधी सेवाएं प्रदान करेंगी। जिले में अब जीविका दीदी तालाबों का प्रबंधन भी संभालेंगी। एक एकड़ से लेकर पांच एकड़ तक के 111 तालाबों का रखरखाव और प्रबंधन जीविका समूहों को सौंपा जाएगा। जल-जीवन-हरियाली योजना के अंतर्गत 5 वर्षों के लिए नवसृजित और विकसित तालाबों के रखरखाव और उसके प्रबंधन के लिए निःशुल्क जीविका समूह को आवंटित किया जाएगा।
जीविका की दीदियां अनेक आजीविका पर भी काम कर रही हैं। इसमें फसल सघनीकरण प्रणाली सबसे अहम है। समग्र परियोजना के तहत श्री विधि से धान और गेहूं के अलावा दलहन एवं सब्जियों की खेती है। इसके अलावा जीविका दीदियां मुर्गी पालन, बकरी पालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन, दूध उत्पादन और पौधशालाएं समूह में चला रही हैं।
मधुमक्खी पालन में जीविका दीदियों के 5196 समूह कार्यरत हैं। इसके साथ ही 2740 जीविका दीदियों की समूह मेलों, खादी मॉल, वेलनेस मॉल, बिजनेस-टू-बिजनेस, बिजनेस-टू-कस्टमर आदि के माध्यम से आफलाइन और जेम पोर्टल, अमेजन, फ्लिपकार्ट आदि आनलाइन पोर्टलों के जरिए भी अपने उत्पाद बेच रही हैं।
समाधान यात्रा के दौरान एक गांव में लोगों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जीविका दीदियां सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की निगरानी का काम भी करेंगी। वे देखेंगी शिक्षक समय पर स्कूल आ रहे हैं या नहीं और अगर इसमें उन्हें कोई गड़बड़ी दिखे तो उस संबंध में वे जिलाधिकारी या सक्षम अधिकारी के समक्ष उक्त शिक्षक की शिकायत करेंगी। सरकार की ओर से जीविका दीदियों को एक और अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अस्पतालों में सतरंगी चादर की व्यवस्था के साथ-साथ सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों के पोशाक सिलने का काम भी दिया गया है।
जीविका दीदियां न सिर्फ स्वरोजगार के क्षेत्र में बढ़िया काम कर रही हैं बल्कि सामाजिक बुराइयों पर भी करारा प्रहार कर रही हैं। शराब, नशा पान, दहेज प्रथा, सती प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जीविका दीदियां अहम भूमिका निभा रही हैं। अलग-अलग पंचायतों में जीविका दीदियां नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर शपथ ले रही हैं। वे शराब का सेवन और उसकी बिक्री नहीं होने देने की शपथ लेते हुए 'नशामुक्त समाज हो हमारा’ का नारा दे रही हैं।
गांव-गांव में घूमकर शराब से होनेवाले दुष्परिणामों से लोगों को अवगत करा रही हैं और उससे बचने की सलाह दे रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के टोले-मुहल्ले में जाकर जीविका दीदियां नशा पान और दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक कर रही हैं। वे लोगों को बता रही हैं कि दहेज लेना और देना दोनों अपराध है। घर-घर जाकर लोगों को समझा रही हैं कि कानूनी तौर पर लड़कियों की शादी की उम्र 18 वर्ष और लड़कों की शादी की उम्र 21 वर्ष है, इससे कम उम्र में लड़की या लड़के की शादी करने पर बाल विवाह के अंतर्गत कानूनन सजा हो सकती है। जीविका दीदियां सामाजिक कुरीतियों से भी लोगों को अवगत करा रही हैं और उनसे बचने की सलाह दे रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार खुद कई कार्यक्रमों में खुले मंच से जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना कर चुके हैं। आज जीविका दीदियों द्वारा संचालित दीदी की रसोई की चर्चा हर ओर हो रही है। दीदी की रसोई के माध्यम से कम दाम में स्वादिष्ट और पोषक भोजन लोगों को मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जीविका दीदियों को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने के लिए विभिन्न अस्पतालों में 'दीदी की रसोई’ नाम से कैंटीन की शुरुआत की है।
भोजन बनाने से लेकर मरीजों को थाली परोसने तक की जिम्मेवारी जीविका दीदियों को सौंपी गयी है, जिसे वे बखूबी निभा रही हैं। इस तरह एस0एच0जी0 से जुड़ी महिलाओं को नियमित काम मिल रहा है। इसी तर्ज पर हाल ही में बने जिला परिवहन कार्यालय, पटना में भी जीविका दीदियों को कैंटीन चलाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह दिखाता है कि जीविका दीदियां इस काम को बखूबी निभा रही हैं और पूरी तल्लीनता से अपना काम कर रही हैं।
इस तरह से 'जीविका’ ने ग्रामीण क्षेत्रों की निर्धन महिलाओं में आत्मविश्वास और सम्मान का भाव जगाया है। उन्हें स्वावलंबी एवं सशक्त बनाया है। जीविका ने महिलाओं के लिए आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर सकारात्मक बदलाव की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है।












Click it and Unblock the Notifications