Bihar BJP President: बिहार में कौन और किस जाति का नेता बनेगा भाजपा अध्यक्ष, रेस में सबसे आगे कौन?
Bihar BJP President: बिहार विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक सीटें जीतने वाली भाजपा अपनी प्रचंड जीत पर गदगद है। बिहार के भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष दिलीप जायसवाल नीतीश सरकार में मंत्री बनाए जा चुके हैं। जिसके बादभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए अध्यक्ष की खोज शुरू कर दी है।
सवाल उठ रहा है कि आखिर भाजपा में किस समुदाय के नेता को ये जिम्मेदारी सौंपेगी। हालांकि ब्राह्मण-सवर्ण, दलित और अति पिछड़ा वर्ग से कई नामों पर विचार हो रहा है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा बिहार में नए प्रदेश अध्यक्ष के नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ नेता को सौंपी है। यह नेता विधानसभा चुनाव के दौरान बिहार में सक्रिय रहे थे। वे तीन नामों का एक पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजेंगे, जिसके बाद आलाकमान अंतिम फैसला लेगा।
सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए, भाजपा दलित, सवर्ण और अति पिछड़ा वर्ग से एक मजबूत चेहरे की तलाश में है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल स्वयं अति पिछड़ा वर्ग के कलवार समुदाय से आते हैं। नए अध्यक्ष की नियुक्ति नए साल में होने की उम्मीद है।
दलित वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में जनक राम का नाम सबसे आगे है। वे पूर्व में नीतीश सरकार में मंत्री और सांसद रह चुके हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले, वे बसपा के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे थे।
अति पिछड़ा वर्ग से संजीव चौरसिया एक प्रमुख दावेदार हैं। बिहार की आबादी का एक तिहाई से अधिक हिस्सा अति पिछड़ा वर्ग का है। चौरसिया सिक्किम, मणिपुर और मेघालय के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद के बेटे हैं और शुरुआत से ही भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार विधायक का चुनाव जीता है।
संगठन में चौरसिया का अनुभव व्यापक है। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय संगठन मंत्री के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
ब्राह्मण-सवर्ण वर्ग से मिथिलेश तिवारी का नाम भी दौड़ में शामिल है। संगठन में उनके व्यापक अनुभव और संघ पृष्ठभूमि के कारण उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वे 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर से विधायक चुने गए थे, हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बक्सर से हार का सामना करना पड़ा था।
ब्राह्मण चेहरे के तौर पर नीतीश मिश्रा का नाम भी चर्चा में है। पिछली सरकार में उद्योग मंत्री रहे मिश्रा को इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। वे झंझारपुर से विधायक हैं और पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के पुत्र हैं। इसके अतिरिक्त, भाजपा के दिग्गज नेता सीपी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर का नाम भी सवर्ण वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आगे चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications