बिहारः रात के वक्त घर में घुसे 12 बदमाश फिर सभी को बंधक बनाकर लूट ले गए 30 लाख से अधिक के जेवरात
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में मकान मालिक को बंधक बनाकर भीषण डकैती का मामला सामने आया है। वैशाली थाना के पवी हसनपुर गांव में बदमाशों ने 30 लाख से अधिक मूल्य के कीमती जेवरात और कीमती सामान लूट लिया। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने घर के सभी लोगों को बंधक बना लिया था। जब परिजनों ने विरोध करना शुरू किया तो बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। बदमाशों द्वारा धमकी मिलने के बाद घर के लोग डर के चलते काफी देर तक दहशत में रहे।
Recommended Video

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद जब बदमाश फरार हो गए तो पीड़ित मकान मालिक ने घटना की सूचना वैशाली थाने को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है लेकिन अभी तक अपराधियों का सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस का कहना है कि डकैत गिरोह का जल्दी पता लगा लिया जाएगा और उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
बदमाशों की धर-पकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गृहस्वामी सूर्यदेव तिवारी ने बताया कि देर रात हथियार से लैस होकर आए अपराधियों ने घर में घुसते ही सभी सदस्यों को बंधक बना लिया। इस दौरान लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। गृहस्वामी के मुताबिक तकरीबन 12 की संख्या में बदमाश घर में दाखिल हुए थे और सभी कीमती जेवरात लूट ले गए। वहीं इस पूरे मामले पर वैशाली थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि जल्द ही डकैत गिरोह की पहचान कर ली जाएगी।

वहीं बिहार के जमुई जिले के सिमुलता थाना क्षेत्र में चोरी करने आए दो चोरों को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। बीती रात ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेकर चोरी करने आए दो लोगों को रंगे हाथ पकड़ा और फिर उनकी पिटाई की। ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में दोनों की पिटाई उस समय तक की जब तक उनकी मौत ना हो गई। मृतक दोनों शख्स की पहचान नागेश्वर पासवान और लालमोहन पासवान के रूप में हुई है, जो कि जमुई जिले के चंद्रमण्डीह थाना इलाके के मानसिंहडीह गांव के रहने वाले थे।
इसके अलावा बिहार के पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र के ततमा टोली में एक शराबी पिता ने अपने ही बच्चों के साथ बेरहमी की। शराब के नशे में धुत्त एक शख्स ने अपने ही मासूम बच्चे को फांसी लगाकर मारना चाहा। इस दौरान पिता फुदन शर्मा ने दोनों बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी।

इतने से भी मन नहीं भरा तो उसने अपने चार साल के छोटे बेटे मिंटू को फांसी लगाकर हत्या करने का प्रयास किया। इस दौरान जब बड़े बेटे सात वर्षीय मोहित ने पिता को रोकना चाहा तो उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। बच्चों की मां और आसपास के लोगों ने किसी तरह से दोनों बच्चों को जल्लाद पिता के कब्जे से छुड़ाकर बचया।
दोनों घायल बच्चे मिंटू और मोहित गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों की आंखें सूज गई हैं और गला-आंख के पास गहरे जख्म हैं। बच्चों की मां सविता देवी ने बताया कि उनका पति फुदन शर्मा शराब के नशे में घर आया और दोनों बच्चों को बेरहमी से पीटने लगा था।












Click it and Unblock the Notifications