'मैं हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ूंगा, कोई ताकत मुझे नहीं रोक सकती', चिराग के बाद चाचा पशुपति पारस का दावा
Hajipur Lok Sabha Seat: राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुट गए हैं। चुनाव से पहले एनडीए और यूपीए की बैठकें हो रही है। हाल ही में 18 जुलाई को दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व में हुई एनडीए की बैठक में सभी दलों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया।
वहीं अब एनडीए के दो नेताओं ने एक ही सीट पर चुनाव लड़ने का अपना-अपना दावा ठोक दिया है। और ये कोई और नहीं बल्कि चाचा-भतीजा हैं। ऐसे में चिराग पासवान के हाजीपुर सीट से चुनाव बाद अब उनके चाचा और लोक जनशक्ति पार्टी नेता केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने भी इसी सीट से चुनाव लड़ने की दावा ठोक दिया है।

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने शनिवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया कि वो हाजीपुर लोकसभा सीट से ही दावा ठोकेंगे। पशुपति कुमार पारस ने अपने बयान में कहा कि मैं हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ूंगा। दुनिया की कोई ताकत मुझे नहीं रोक सकती है।
अपने बयान में केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि मैं हाजीपुर से ही चुनाव लड़ूंगा, यह मेरा अधिकार है। मैं वहां का सांसद हूं, मैं भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री हूं और एनडीए का पुराना और भरोसेमंद सहयोगी हूं।बता दें कि इससे पहले एनडीए की बैठक के एलजेपी नेता चिराग पासवान ने भी हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ने की बात कही थी।
चिराग के पैर छूने पर क्या बोले चाचा?
वहीं दिल्ली में एनडीए की बैठक के दौरान चिराग पासवान के पैर छूने पर केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि यह हमारा शिष्टाचार है कि अगर कोई किसी बड़े के पैर छूता है तो बड़ा व्यक्ति बदले में आशीर्वाद देता है। उसी तरह जब उन्होंने (चिराग पासवान) मेरे पैर छुए तो मैंने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।












Click it and Unblock the Notifications