पशपुति पारस ने लगाया गंभीर आरोप, कहा- हाजीपुर में उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी
पटना। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति पारस ने अपने विरोधियों पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी। पशुपति पारस के निजी सचिव सुबोध कुमार की तरफ से दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत में बताया गया है कि पशुपति पारस के संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी। उन्हें काला झंडा दिखाया गया था और स्याही भी फेंकी गई थी। आरोप में यह भी कहा गया है कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन उतना एलर्ट नहीं था, वरना इस तरह की घटना नहीं होती।

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की तरफ से कहा गया है कि उन्हें फोन कर गाली-गलौच की जा रही है। हमारे पार्टी नेता केशव को गंदी गालियां दी गईं। सोशल मीडिया पर भी गंदी गाली और अपशब्द का प्रयोग मेरे बारे में किया गया है। पशुपति पारस ने कहा कि मुझे जान से मारने की धमकी दी गई है। पशुपति पारस ने कहा कि इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मैंने पत्र लिखकर मांग की है कि इस मामले की जांच हो। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री पारस ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है। गृह मंत्री व मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में धमकी की जांच के साथ अभी मिली Y श्रेणी की सुरक्षा की आगे समुचित व्यवस्था की मांग की गई है।
वहीं लोक जनशक्ति पार्टी ( पारस गुट ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने बाढ़ को लेकर हैरान कर देने वाला बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार संसदीय क्षेत्र हाजीपुर पहुंचे मंत्री पशुपति कुमार पारस से जब बाढ़ को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि बाढ़ दैवीय प्रकोप है। मैं बाढ़ पीड़ितों से मिलने भी नहीं जाऊंगा। लोजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बाढ़ को लेकर मेरी जिले के अधिकारियों से बात हुई है और लोगों तक मदद मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications