Bihar Today: नीतीश सरकार आज ट्रांसफर करेगी बढ़ी हुई पेंशन की दूसरी किस्त
Bihar Hindi News Today- 10 August 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की बात हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज दस अगस्त को क्या-क्या होने वाला है।
महिलाओं को आज भी बस में नहीं देना होगा किराया
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने रक्षाबंधन पर पटना और मुजफ्फरपुर के सभी रूटों पर 9 अगस्त को महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा का ऐलान किया है। साथ ही, पटना में चलने वाली पिंक बसों में भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। महिलाएं 10 अगस्त तक निगम की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। इस नि:शुल्क सेवा का लाभ सभी आयुवर्ग की महिलाएं ले सकेंगी।

नीतीश सरकार आज ट्रांसफर करेगी बढ़ी हुई पेंशन की दूसरी किस्त
बिहार में आज नीतीश सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर करेगी। 1 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों के अकाउंट में 10 अगस्त को 1100-1100 रुपये आएंगे। पेंशन की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह किए जाने के बाद लाभार्थियों को मिलने वाली यह दूसरी किस्त होगी।
इस बार लगभग 1,12,18,845 लाभुकों के खाते में कुल मिलाकर करीब 1247.34 करोड़ रुपये जमा किए जाएंगे। ये पेंशन राशि विधवा महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर पटना में महत्वपूर्ण बैठक
नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम, बिहार के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को मजबूती देने के लिए 10 अगस्त को पटना में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रांतीय कमेटी, जिला कमेटी और सभी संबद्ध संघों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी रैली की रणनीति तय करना, संगठन को मजबूत बनाना और जनजागरण अभियान को तेज करना है।
राजगीर में पहली बार एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप
बिहार में पहली बार 9 और 10 अगस्त, 2025 को 'एशिया रग्बी (अंडर-20) चैंपियनशिप-2025' का आयोजन हो रहा है। यह भव्य प्रतियोगिता राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इसमें 9 देशों की 16 टीमें भाग ले रही है। भारत के अलावा चीन, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल की टीमें भी इस टूर्नामेंट में मैदान में हैं।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
बिहार में 10 अगस्त 2025 को मौसम में क्षेत्रीय विविधता देखने को मिलेगी। IMD के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रमुख शहरों जैसे पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मुंगेर, पूर्णिया और जमुई में तापमान में थोड़ी गिरावट के साथ बारिश होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications