Tejashwi Yadav को लेकर राबड़ी देवी का बड़ा दावा, '4 बार मारने की कोशिश हुई, बेटे की जान को खतरा'
Tejashwi Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरोपों का दौर चल रहा है। इस बार पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की जान को खतरा है और उन्हें चार बार मारने की कोशिश हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि हम जानते हैं कि इसके पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने बीजेपी और जेडीयू के बड़े नेताओं पर बेटे को जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जिन्हें लग रहा है कि वह सुरक्षित नहीं है, वो लिखित में ज्ञापन दे सकते हैं।
राबड़ी देवी ने कहा, 'तेजस्वी यादव को मारने की साजिश हो रही है। पहले उन पर रास्ते में हमला किया गया और फिर अब सदन में भी मारने की कोशिश हो रही है। जेडीयू और बीजेपी के अलावा कौन ऐसी साजिश करेगा? बिहार में यही लोग साजिश करते हैं। ये लोग संस्कारहीन लोग हैं।'

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आरोपों पर किया पलटवार
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने राबड़ी देवी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, 'जिन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता है, वो लिखित में ज्ञापन दे सकते हैं। उन्हें (तेजस्वी) पूरी सुरक्षा दी गई है। उनके परिवार में दो पूर्व सीएम हैं सुरक्षा के सभी प्रोटोकॉल का पालन हो रहा है। पूरे बिहार में आरजेडी की गुंडागर्दी से लोग डरे हुए हैं।'
Tejashwi Yadav ने संजय सिंह पर लगाया था हमले का आरोप
बता दें कि बिहार विधानसभा में गुरुवार को काफी तनातनी का माहौल बन गया था। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस हुई थी। इस दौरान मामला इतना बढ़ गया कि बीजेपी और आरजेडी विधायकों के बीच हाथापाई जैसी स्थिति बन गई थी। सदन से बाहर निकलने के बाद तेजस्वी ने कहा था कि मुझे मारने की कोशिश हो रही है। लालगंज से बीजेपी विधायक संजय सिंह माइक उखाड़कर मुझे मारने के लिए आए थे।
यह भी पढ़ें: 'तेजस्वी में हिम्मत है तो करें बिहार चुनाव का बहिष्कार', चिराग की सीधी चुनौती, बताया किस सीट से लड़ेंगे?
अब इसके अगले ही दिन उनकी मां और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने भी आरोप लगाया है कि जेडीयू और बीजेपी के सीनियर नेता उनके बेटे को मारने की कोशिश कर रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब कुछ ही महीने का वक्त बचा है और उससे पहले सदन से लेकर सड़क तक आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। एनडीए के नेता लालू के जंगलराज और आरजेडी प्रमुख के परिवार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर निशाना साधते रहे हैं। अब आरजेडी ने तेजस्वी यादव की सुरक्षा और जान के खतरे को मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है। फिलहाल चुनाव से पहले राजनीतिक संग्राम का जारी रहना तय माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'जिसका बाप अपराधी वो क्या बोलेगा, लुटेरे हो लुटेरे', विधानसभा में तेजस्वी यादव पर भड़के सम्राट चौधरी












Click it and Unblock the Notifications