बिहार उपचुनाव: तेजस्वी का नीतीश पर धांधली का आरोप, कहा- जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं
पटना, 01 नवंबर: बिहार में विधानसभा की दो सीटों कुशेश्वरस्थान और तारापुर में हुए उपचुनाव के कल नतीजे आने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच जुबानी जंग शुरू हो चुकी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, नीतीश कुमार ने धन,बल सब लगा दिया है। वे जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन जीत हमारी ही होगी। मतगणना में गड़बड़ी की आशंका के चलते तेजस्वी यादव नजर रखने के लिए दरभंगा के लिए रवाना हो गए।

दरभंगा रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि, नीतीश कुमार के पास कहने को कुछ नहीं है। उन्हें शर्म आ रही है। जो वीडियो वायरल हुए हैं उनमें कौन लोग थे। इनके पास कोई जवाब नहीं है। नीतिश कुमार ने धन,बल सब लगा दिया है। लेकिन जीत हमारी ही होगी। नीतीश कुमार का चाल-चरित्र पूरा देश जान गया है कि वह चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। मतगणना पर हमारी पैनी नजर है। मैं दरभंगा जा रहा हूं और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह तारापुर जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि काउंटिंग की प्रक्रिया को लेकर कन्फ्यूजन पैदा किया जा रहा है। सब अधिकारी बेईमान नहीं होते हैं लेकिन कुछ अधिकारी बेईमान हैं। बिहार सरकार के मंत्रियों का सीडीआर मंगवाना चाहिए तब पता चल जाएगा कौन कौन कहां उछल रहे थे। कुछ बेईमान और भ्रष्ट मंत्री चाह रहे हैं कि हारने के बाद भी अपने उम्मीदवार को सर्टिफिकेट दिलवा दें। सभी पर पैनी नजर है हम किसी को नहीं छोड़ने वाले हैं।
वहीं दूसरी ओर लालू यादव और तेजस्वी यादव के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इन मामलों पर कुछ नहीं कहना है। हम लोगों पर अनाप-शनाप बोलने से पब्लिसिटी मिलती है इसलिए बोलता है। पहले लोग क्या बोलते थे, और अब जबकि चुनाव हो गया तब क्या बोल रहे हैं।जनता मालिक है मंगलवार को उपचुनाव का रिजल्ट आ जाएगा। कोई क्या बोलता है, मैं इसे नहीं देखता और इस पर ध्यान नहीं देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications