तेजप्रताप के सपने में आए PM मोदी, BJP में शामिल होने का दिया ऑफर, जानिए लालू के बड़के लाल का जवाब
PM Modi in Tej Pratap's dream: बिहार की राजनीति इन दिनों तेज प्रताप यादव की वजह से एक बार फिर सुर्खियों में है। राजद से 6 साल के लिए निष्कासित किए जा चुके तेज प्रताप अब खुले तौर पर अपनी स्वतंत्र राजनीतिक सोच और विचारधारा को सामने ला रहे हैं। ताजा मामला उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सपने में आए और उन्हें बीजेपी में शामिल होने का ऑफर दिया। लेकिन तेज प्रताप ने इस ऑफर को सपने में भी ठुकरा दिया।
यह बयान जितना प्रतीकात्मक है, उतना ही राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भी। तेज प्रताप ने इस ग्राफिक्स पोस्ट के जरिए न सिर्फ बीजेपी पर कटाक्ष किया, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे विचारधारा के मामले में किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे।

क्या बीजेपी में शामिल होंगे तेज प्रताप?
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक ग्राफिक्स तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा, 'सत्ता के लिए सपने बेचने वाले बहुत हैं। हम वो हैं जो सपने में भी विचार नहीं बेचते।' इस ग्राफिक्स में दिखाया गया है कि तेज प्रताप यादव के सपने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आते हैं और उन्हें बीजेपी में शामिल होने का ऑफर देते हैं। लेकिन तेज प्रताप सपने में भी इस ऑफर को ठुकरा देते हैं और उल्टा पीएम मोदी से खुद उनकी पार्टी जॉइन करने की बात करते हैं। इस व्यंग्यात्मक तरीके से तेज प्रताप ने भाजपा पर कटाक्ष किया है और यह जताने की कोशिश की है कि वे अपने विचारों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।
RJD नेताओं से दूरी बीजेपी से हुए करीब
हालांकि, तकनीकी रूप से तेज प्रताप यादव की वर्तमान में कोई पार्टी नहीं है। वे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से छह साल के लिए निष्कासित हो चुके हैं। ऐसे में उनकी राजनीतिक दिशा को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है।
इसी बीच, बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में भी तेज प्रताप यादव खूब चर्चा में रहे। जब विपक्ष के नेता काले कपड़ों में सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे थे, तब तेज प्रताप सफेद परिधान में नजर आए। यही नहीं, उनकी सत्तापक्ष के नेताओं से नजदीकियां भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। 23 जुलाई को तेज प्रताप और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की एक 'फ्रेंडली' तस्वीर वायरल हो गई, जिसके बाद कयासों का दौर फिर तेज हो गया।
बीजेपी के इशारे या परिवार पर दबाव?
राजद से बाहर किए जाने के बाद तेजप्रताप यादव को भले ही हाशिए पर माना गया, लेकिन अब उनके पोस्ट और सत्ता पक्ष के नेताओं से बढ़ती नजदीकियां एक अलग ही कहानी कह रही हैं। पीएम मोदी से जुड़ी 'सपने वाली पोस्ट' हो या डिप्टी सीएम के साथ वायरल तस्वीर-ये सब इशारा कर रहे हैं कि तेजप्रताप राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं। क्या ये सब लालू यादव और तेजस्वी पर दबाव है? क्या तेजप्रताप दिखा रहे हैं कि अगर सम्मान नहीं मिला, तो उनके पास विकल्प खुले हैं?
ये भी पढ़ें RJD विधायकों के काले कपड़ों में प्रदर्शन पर बोले Tej Pratap Yadav, 'मेरे ऊपर शनिचरा ग्रह है'
एक बार फिर महुआ में वापसी की तैयारी में तेजप्रताप
बता दें कि तेजप्रताप यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वर्तमान में वे समस्तीपुर जिले की हसनपुर सीट से विधायक हैं, लेकिन 2015 में उन्होंने महुआ से ही अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी और जीत दर्ज की थी। अब एक बार फिर वे महुआ में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। गौरतलब है कि महुआ विधानसभा सीट पर फिलहाल भी राजद का ही कब्जा है, ऐसे में तेजप्रताप की दावेदारी से सीट पर राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
तेजप्रताप ने बनाया नया इंस्टाग्राम प्रोफाइल
तेजप्रताप ने इसके साथ ही अपना नया सोशल मीडिया अकाउंट भी लॉन्च किया है और लोगों से अपने नए इंस्टाग्राम प्रोफाइल को फॉलो करने की अपील करते हुए उसका लिंक भी साझा किया है। यह कदम तेजप्रताप के नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। तेजप्रताप ने अपने नए इंस्टाग्राम प्रोफाइल का लिंक शेयर करते हुए लिका कि, 'सपनों को पाने की चाहत, मेहनत को अपना साथी बना लेती है। हर सुबह एक नया अवसर है, बस खुद पर विश्वास रखो। हार मानने से पहले, एक बार और प्रयास करने की सोचो।'
ये भी पढ़ें Tejpratap Yadav Row: तेजप्रताप यादव की RJD में हो गई वापसी? सोशल मीडिया पोस्ट से मिले संकेत












Click it and Unblock the Notifications