Waqf Amendment Bill: कौन हैं जेडीयू नेता कासिम अंसारी? वक्फ बिल पर समर्थन से नाराज, दिया पार्टी से इस्तीफा
Waqf Amendment Bill: लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद अब इसे राज्यसभा में पेश किया गया है, जहां इस पर चर्चा जारी है। इस बीच बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के मुस्लिम नेताओं में इस बिल को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
JDU की तरफ से वक्फ संशोधन बिल (Waqf Amendment Bill) का समर्थन करने के फैसले से असंतुष्ट होकर पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मोहम्मद कासिम अंसारी ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है और इसे JDU के भीतर बढ़ते असंतोष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

जेडीयू मुस्लिम नेता का पद और सदस्यता से इस्तीफा
जेडीयू के मुस्लिम नेता मो. कासिम अंसारी ने अपने पद और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसे लेकर उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। कासिम अंसारी ने अपने पत्र में लिखा कि हम जैसे लाखों करोड़ों भारतीय मुसलमानों का अटूट विश्वास था कि आप विशुद्ध रूप से सेकुलर विचारधारा के ध्वजवाहक हैं, लेकिन अब यह यकीन टूट गया है। वक्फ बिल संशोधन अधिनियम 2024 को लेकर जदयू के स्टैंड से भारतीय मुसलमानों और कार्यकर्ताओं को गहरा अघात लगा है। मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य जिम्मेदारियों से स्वेच्छा से त्याग पत्र दे रहा हूं।
कौन हैं JDU नेता डॉ. कासिम अंसारी? दिया पार्टी से इस्तीफा
JDU नेता डॉ. कासिम अंसारी जेडीयू के वरिष्ठ नेता रहे हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की ढाका विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। उन्होंने पार्टी के फैसले से असहमति जताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस कदम को JDU के भीतर मुस्लिम समुदाय से जुड़े नेताओं में बढ़ती नाराजगी का संकेत माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, JDU के कई अन्य मुस्लिम नेता भी पार्टी के इस रुख से नाखुश हैं और आने वाले दिनों में और भी नेता इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते हैं।
Waqf Amendment Bill: क्या है वक्फ संशोधन बिल?
वक्फ संशोधन बिल को लेकर कई मुस्लिम संगठनों और विपक्षी राजनीतिक दलों ने विरोध जताया है। इस बिल के जरिए वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और प्रशासन में बदलाव किए गए हैं। इसे लेकर मुस्लिम समुदाय में चिंता बढ़ी है कि इससे वक्फ संपत्तियों पर सरकारी नियंत्रण बढ़ सकता है और उनके अधिकारों में कमी आ सकती है।
JDU के समर्थन के बाद पार्टी के मुस्लिम नेताओं को लग रहा है कि इस बिल से मुस्लिम समुदाय की संपत्तियों और अधिकारों पर असर पड़ेगा। इसी कारण कई मुस्लिम नेता इस फैसले से नाराज हैं।
बिहार में राजनीतिक हलचल
डॉ. कासिम अंसारी के इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति में यह सवाल उठने लगा है कि क्या JDU के अन्य मुस्लिम नेता भी इसी राह पर चल सकते हैं? इस फैसले का बिहार की राजनीति पर क्या असर होगा, यह देखने वाली बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications