इस्तीफे की खबर पर DGP गुप्तेश्वर पांडेय ने किया ट्वीट, लिखा- इसको किस स्तर की पत्रकारिता कहेंगे आप?
पटना। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय इन दिनों अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में हैं। इसी बीच उनके इस्तीफे की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी, जिसे लेकर उन्होंने ट्विटर के माध्यम से सफाई दी है। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के अचानक इस्तीफा देने की अफवाह से बिहार प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर गहमागहमी फैल गई।

डीजीपी ने इसके बाद ट्वीट कर खबर के झूठी होने की सूचना देते हुए लिखा कि अभी बिहार के एक पोर्टल न्यूज ने मेरे नौकरी से इस्तीफा देने के बारे में एक झूठी खबर चला कर सनसनी फैला दी है। इसको किस स्तर की पत्रकारिता कहेंगे आप?
हालांकि यह खबर कहां से आई इसके बारे में जानकारी नहीं लेकिन रविवार की देऱ शाम से यह खबर बड़ी तेजी से फैली। इस संबंध में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से पूछा तो उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अफवाह है। इस खबर में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। जिस किसी ने भी इस तरह की खबर फैलाई वह पूरी तरह से गलत है।
बता दें कि रिया चक्रवर्ती पर 'औकात' वाले बयान पर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय काफी ट्रोल हो गए थे। सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती पर अपने बयान 'औकात' पर सोशल मीडिया में ट्रोल हुए थे। ट्रोल होने के बाद उन्होंने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि औकात का अंग्रेजी में मतलब 'कद' से है और रिया चक्रवर्ती का ऐसा कद नहीं है कि वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कोई कमेंट कर सके।
साथ ही डीजीपी ने यह भी कहा कि उसे नहीं भूलना चाहिए कि वह सुशांत सिंह राजपूत केस में नामजद आरोपी है। जो केस मेरे पास था और अब सीबीआई के पास है। उल्लेखनीय है कि बिहार कैडर के 1987 बैच के IPS गुप्तेश्वर पांडेय ने 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए वीआरएस ले लिया था। वे बीजेपी के टिकट पर बक्सर सीट से लड़ना चाहते थे।
टिकट नहीं मिलने पर आईपीएस गुप्तेश्वर पांडेय ने वीआरएस वापस लेने की अर्जी दी। जिसे नीतीश सरकार ने मंजूर करके करीब 9 महीने बाद उन्हें एक बार फिर सर्विस में रख लिया और लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें प्रमोशन देते हुए बिहार का डीजीपी बना दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications