पटनाः नाव पर ट्रैक्टर चढ़ाते वक्त हुआ हादसा, एक महिला की मौत और कई लापता
पटना। बिहार के बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया है। नाव पर सवार गन्ना लदा टैक्टर नदी में डूब गया है। नाव पर कुल 24 लोग सवार थे। एक महिला का शव स्थानीय गोताखोरों ने निकाला है। बताया जाता है कि नाव पर लदा ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया और नदी में डूब गया। उस समय नाव पर 24 लोग सवार थे। नदी में गिरते ही कुछ लोग तैरकर निकल गए। ट्रैक्टर ड्राइवर सहित 4 लोगों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। हादसे के दौरान आधा दर्जन लोगों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिलहाल गोपालगंज स्थित अस्पताल में इलाज जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे के बाद 5 से 6 लोग नदी से तैरकर बाहर आ गए थे। जबकि कुछ लोगों के अभी भी वाहन के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। गोपालगंज जिले के गन्ना किसान भगवानपुर गांव के पास गंडक नदी के रास्ते बड़ी नाव पर ट्रैक्टर लाद कर गन्ना काटने जा रहे थे। जैसे ही वह नाव पर सवार हुए वैसे ही ट्रैक्टर को किसी ने चालू कर दिया। इससे ट्रैक्टर पर बैठे लोग अचानक ट्रैक्टर समेत पानी में गिर गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार भगवानपुर घाट से एक बड़ी नाव में ट्रैक्टर ट्रॉली को लादकर दियरा की ओर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। साथ ही गोपालगंज और पश्चिम चंपारण पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच रहा है।












Click it and Unblock the Notifications